रांची : लालपुर के होटल में लगी आग, मची अफरा-तफरी, लाखों का सामान जल कर राख

    रांची : लालपुर के होटल में लगी आग, मची अफरा-तफरी, लाखों का सामान जल कर राख

    रांची(RANCHI): भीषण आग से आधी रात को राजधानी रांची के लालपुर में अफरातफरी मच गई. शहर के बीचोंबीच स्थित होटल सिटी पैलेस में मंगलवार की रात एक बजे के करीब भीषण आग लग गई. हादसे की सूचना मिलते ही वायरलेस के जरिए अग्निशमन विभाग को जानकारी दी गई, जिसके बाद दमकल के दो वाहन आनन फानन मौके पर पहुंच गए और 2 घंटे की कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया गया. प्राप्त जानकारी के अनुसार होटल सिटी पैलेस के बाहरी भाग में किचन है. किचन से ही आग लगनी शुरू हुई जो धीरे धीरे भयावह रूप लेती गई. आग का फैलाव इतनी तेजी से हुआ की होटल के रसोई घर में रखें सिलेंडर को भी अपने चपेट में ले लिया और एक जोरदार धमाके के बाद सिलेंडर भी ब्लास्ट हो गया. बाहर के किचन की आग होटल के चारों कमरों तक भी पहुंच गई. रिसेप्शन और चार कमरे जलकर पूरी तरह से राख हो गए. पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई. लगभग 2 घंटे तक की मशक्कत करने के बाद आग पर काबू पाया गया. वहीं स्थानीय लोगों का कहना है की पार्किंग एरिया में होटल के द्वारा किचन का निर्माण कराया गया है. जिसमें बड़े सिलेंडर भी रखे जाते हैं. किचन की वजह से ही आगलगी की इतनी बड़ी घटना हुई है. स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने पूरे मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया है .   



    Related News