पलामू(PALAMU): जिला के हैदरनगर थाना क्षेत्र के सजवान गांव में रविवार की शाम 11 हजार वोल्ट विद्युत प्रवाहित तार गिरने से आग लग गई. आग लगने से चार घर पूरी तरह जल कर खाक हो गया. घरों में रखा गया वस्त्र, अनाज, आभूषण, चौकी सभी सामान जलकर राख हो गया.आग में गैस सिलेंडर फटने के बाद आग ने रौद्र रूप धारण कर लिया. इसके साथ ही दो बकरी और एक गाय जलकर राख हो गई.
जिनके घर जले उनमें राजेश्वर मेहता, सुरेंद्र मेहता, ललन मेहता व गुड़ु मेहता का नाम शामिल हैं. ग्रामीणों के सहयोग से बच्चों और बुजुर्गो को तत्काल निकल लिया गया था. जिससे सभी की जान बच गई.तत्काल पंचायत समिति सदस्य मनीष मेहता व पूर्व मुखिया नागेंद्र मेहता ने घटना की सूचना प्रशासन को दी. सूचना मिलते ही तत्काल थाना प्रभारी आजाद अंसारी घटना स्थल पर पहुंचे.
तत्काल सूचना के बाद दमकल की गाड़ी 12 किलो मीटर की दूरी एक घंटे 15 मिनट में तय की. ग्रामीणों के सहयोग से जेनरेटर से पंप चालू कर आग पर काबू करने का प्रयास किया गया. वहीं विधायक प्रतिनिधि सज्जू खान, समाजसेवी अशरफ हसन एंबुलेंस के साथ घटना स्थल पहुंचकर अंचल पदाधिकारी से पीड़ित परिवारों को मदद देने का आग्रह किया. अगलगी की घटना ने चार परिवार छत विहीन हो गए हैं. उन्हें भविष्य की चिता सताने लगी है. पीड़ित गृहस्वामियों ने बताया कि अगलगी की घटना ने उनका सब कुछ छीन लिया.
Thenewspost - Jharkhand
4+

