गढ़वा (GARHWA): जिले के केतार थाना क्षेत्र के परती गांव में मंगलवार एक बंद मकान से तेज दुर्गंध आने लगी. बदबू इतनी ज्यादा थी कि ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने जब दंडाधिकारी और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की मौजूदगी में घर का ताला तुड़वाया, तो अंदर का दृश्य देख सभी सन्न रह गए. कमरे के फर्श पर 17 वर्षीय युवती का सड़ा-गला शव पड़ा मिला.
मृतका की पहचान निर्मल सिंह की बेटी आकृति कुमारी के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार शव करीब दो से तीन दिन पुराना प्रतीत हो रहा है. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. सूचना मिलने पर थाना प्रभारी अरुण कुमार रवानी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. मामले की गंभीरता को देखते हुए बीडीओ-सह-दंडाधिकारी प्रशांत कुमार, इंस्पेक्टर गुलाब सिंह और सीडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे.
ग्रामीणों ने बताया कि आकृति घर में अकेली रहती थी. उसके पिता राजस्थान में मजदूरी करते हैं और कभी-कभार ही गांव आते थे. हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि दो दिन पहले ही निर्मल सिंह गांव लौटे थे, लेकिन घटना सामने आने के बाद से उनका मोबाइल लगातार बंद आ रहा है. इससे पुलिस का शक और गहरा गया है. घर पर कोई परिजन मौजूद नहीं होने के कारण पुलिस ने मृतका के भाई अविनाश सिंह से संपर्क किया, जो उत्तर प्रदेश के कोन थाना क्षेत्र में रहता है. उसके आने के बाद गढ़वा से बुलाए गए फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की मौजूदगी में मुख्य दरवाजा खोला गया.
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब युवती का शव कमरे के अंदर मिला, तो बाहर से ताला किसने लगाया? पुलिस का मानना है कि मामला संदिग्ध है और पहली नजर में हत्या की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता. जांच टीम ऑनर किलिंग सहित सभी पहलुओं पर जांच कर रही है. फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया गया है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो सकेगी.

