कोडरमा (KODERMA): कोडरमा जिले के सतगावां प्रखंड स्थित भखरा गांव में जंगली हाथियों के एक झुंड ने भारी उत्पात मचाया, जिससे पूरे क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है. दरअसल ग्रामीणों के अनुसार, हाथियों ने अचानक गांव में घुस गए और सबसे पहले सरकारी संपत्ति को निशाना बनाया. हाथियों ने यूपीएस स्कूल, भखरा के दरवाजों और खिड़कियों को पूरी तरह तोड़कर मलबे में तब्दील कर दिया. इतना ही नहीं, स्कूल के भीतर मध्याह्न भोजन (MDM) के लिए भंडारित किए गए चार बोरी चावल को भी हाथियों ने अपना निवाला बना लिया और काफी देर तक वहां तांडव मचाया.
संपत्ति के नुकसान के साथ-साथ हाथियों के इस हमले में एक ग्रामीण को अपनी जान पर बन आई. गांव के 35 वर्षीय पृथ्वी राम, पिता शिबू राम, उस समय हाथियों के सामने आ गए जब वे गांव में विचरण कर रहे थे. हाथी ने उन्हें बेरहमी से पटक कर कुचल दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए. आनन-फानन में परिजनों और ग्रामीणों ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतगावां पहुंचाया, लेकिन घाव गहरे होने के कारण उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद कोडरमा सदर अस्पताल और फिर वहां से बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स (RIMS) रेफर कर दिया गया. फिलहाल उनकी हालत अत्यंत चिंताजनक बनी हुई है.
इस हिंसक घटना के बाद से भखरा और आसपास के गांवों के लोग अफरा तफरी का माहौल बन गया है. हाथियों के दोबारा हमले की आशंका के कारण ग्रामीणों के होश उद गए. स्थानीय लोगों में वन विभाग के प्रति भी रोष देखा जा रहा है, क्योंकि हाथियों का यह झुंड अक्सर रिहायशी इलाकों में घुसकर जान-माल का नुकसान कर रहा है. ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित परिवार को उचित मुआवजा देने और क्षेत्र में हाथियों की आवाजाही पर रोक लगाने के लिए ठोस सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी जानलेवा घटनाओं को रोका जा सके.

