हैदरनगर में बिजली चोरी करने वाले दस लोगो पर प्राथमिकी दर्ज, 1.56 लाख का लगा जुर्माना


पलामू(PALAMU): विद्युत चोरी की रोक थाम को लेकर विद्युत विभाग के छापामारी दल ने हैदरनगर थाना क्षेत्र विद्युत ऊर्जा की चोरी करने वाले दस लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है. उनके खिलाफ हैदरनगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. साथ ही इनपर 1.56 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया है. कनीय अभियंता प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि शीर्ष विद्युत बोर्ड के निर्देश पर विद्युत चोरी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया. जिसमे चौकड़ी, भीखा बिगहा, नौडीहा समेत अन्य गांव के दस लोगों के खिलाफ हैदरनगर थाना में प्राथमिकी दर्ज करा दी गई है. विद्युत ऊर्जा की चोरी करते पकड़े गए लोगो पर आठ हजार रुपए से 40 हजार रुपए तक का जुर्माना लगाया गया है.
आगे भी अभियान रहेगा जारी
कनीय अभियंता प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि शीर्ष बोर्ड के निर्देश पर छापामारी दल का गठन सहायक अभियंता संजय कुमार के नेतृत्व में किया गया. छापामारी दल में सहायक अभियंता संजय कुमार, कनीय अभियंता प्रदीप कुमार सिंह, मानव दिवस कर्मी जितेंद्र ठाकुर, मनोज कुमार, धर्मेंद्र विश्वकर्मा शामिल थे. कनीय अभियंता प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा. उन्होंने कहा कि जिन उपभोक्ताओं पर पांच हजार रुपए से अधिक बकाया बिजली बिल है, वह किसी सोमवार को हैदरनगर स्थित तिवारी कांप्लेक्स में या किसी भी कार्य दिवस को जपला स्थित कार्यालय में जमा कर सकते हैं. उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने अबतक विद्युत कनेक्शन नहीं लिए हैं. वह बिलकुल मामूली प्रक्रिया कर कनेक्शन ले सकते हैं. अधिक बकाया या अवैध कनेक्शन से विद्युत का उपयोग करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
रिपोर्ट: समीर हुसैन, पलामू
4+