स्कूल की लचर व्यवस्था पर रिपोर्टिंग करने वाले नन्हे पत्रकार से शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो ने फोन पर की बात


गोड्डा(GODDA): झारखंड के गोड्डा जिले में सरकारी स्कूल का पोल खोलने वाले नन्हें पत्रकार से राज्य के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो ने फोन पर बात की. इस दौरान शिक्षा मंत्री ने स्कूल की हालत में सुधार करने और धमकी देने वाले मास्टर पर कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया है. उन्होंने साथ ही में नन्हें पत्रकार सरफराज को पढ़ाई पर ध्यान देने और उसकी पढ़ाई में हरसंभव मदद करने का भरोसा दिलाया. इस दौरान सरफराज ने शिक्षा मंत्री को बताया कि वो बड़ा होकर पत्रकार बनना चाहता है. इस पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि तुम तो अब पत्रकार बन चुके हो.
मास्टर ने दी थी सरफ़राज को धमकी
बता दें कि नन्हे पत्रकार सरफ़राज ने सरकारी स्कूल की लचर स्थिति दिखते हुए एक वीडियो बनाया था. इस वीडियो में उसने रिपोर्टिंग करते हुए स्कूल की खस्ता हालत को दिखाया था. इसके बाद यह वीडियो वायरल हो गया. वीडियो वायरल हुआ तो शिक्षा मंत्री तक भी पहुंचा. इसके बाद शिक्षा मंत्री ने सरफराज से बात की. वीडियो वायरल होने के बाद स्कूल के मास्टर ने सरफराज की मां को धमकी दी थी. जिसके बारे में मंत्री ने कार्रवाई का भरोसा दिलाया है. वहीं बता दें कि शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो इलाज के लिए चेन्नई के एक अस्पताल में भर्ती हैं. जब उन्होंने वीडियो देखि तो उन्होंने अस्पताल से ही सरफराज को फोन किया और उससे बात की.
4+