ED Raid: कुल चार ECIR के आधार पर कोयला माफियाओं के ठिकानों पर हुई रेड,अब आगे क्या!

    ED Raid: कुल चार ECIR के आधार पर कोयला माफियाओं के ठिकानों पर हुई रेड,अब आगे क्या!

    धनबाद(DHANBAD): धनबाद से लेकर दुमका और बंगाल तक शुक्रवार को 40 जगहों  पर हुई ईडी  रेड  के संबंध में पता चला है कि झारखंड में  चार ECIR दर्ज करने के बाद कार्रवाई की गई है.  कोयला और बालू तस्करी के अलग-अलग मामलों में दर्ज पूर्व के कांडों को जोड़कर चार ECIR   दर्ज की गई है.  इन चार ECIR  में अनिल गोयल, एल बी सिंह, संजय खेमका और अमर मंडल आरोपी है.  ईडी  की छापेमारी में सूत्र बताते हैं कि अमर मंडल के घर से 80 लाख, अनिल गोयल के ठिकाने से 80 लाख से अधिक नगदी बरामद किए गए है.  सूत्र यह भी  बताते हैं कि रांची की ईडी  टीम ने कुल 2.20 करोड़ नगदी बरामद की है.  वही कोलकाता ईडी  ने नरेंद्र खरका, युधिष्ठिर घोष, कृष्ण मुरारी कयाल , चिन्मय मंडल, राजकिशोर यादव के ठिकाने से छापेमारी में 8 करोड रुपए नगदी बरामद किया है. 

    लेखापाल  और कर्मियों के घरो की भी हुई जांच 
     
    सभी कोयला कारोबारी के लेखापाल  और कर्मियों के घरों में भी छापेमारी की गई है.  कुछ जगहों पर जांच अभी भी चलने की खबर मिली है.  सूत्र बताते हैं कि जमीन में निवेश के भी भारी मात्रा में कागजात बरामद किए गए है.  ईडी  की टीम ने भर भर कर कागजात लेकर गई है.  सूत्र बताते हैं कि शुक्रवार की रात ईडी  की टीम ने एलबी सिंह के घर एक जेरॉक्स मशीन मंगाई थी.  समझा जा रहा है कि एलबी सिंह के घर सह  दफ्तर से टीम ने कई कागजात की फोटो कॉपी कराई और टीम अपने साथ ले गई है.  अनिल गोयल के डुमरियाटांड़ स्थित ऑफिस से चार कार्टून लेकर ईडी  की टीम गई है.  माना जा रहा है कि कार्टून में धंधे से जुड़े दस्तावेज और संपत्ति के दस्तावेज हो सकते है.  

    कोयला कारोबारी विनोद महतो  को साथ ले गई है ईडी 

    जानकारी के अनुसार चिरकुंडा चेक पोस्ट से सटे कोयला कारोबारी विनोद महतो के कार्यालय और चिरकुंडा के उनके आवास से टीम को नगदी और जमीन के कागजात मिले है.  उसके बाद टीम उन्हें अपने साथ ले गई है.  हार्डकोक  कारोबारी  दीपक पोद्दार परिवार के  सदस्यों के साथ अयोध्या गए हुए है.  उनके घर पर पुत्र और बहू थी.  ईडी  को उनके घर के चार कमरों और कवर्ड आदि की चाबी पाने  में परेशानी उठानी पड़ी.  कोयला कारोबार से जुड़े लोगों ने इतनी बड़ी छापेमारी की बात कभी सोची  नहीं होगी.  जानकार बताते हैं कि ईडी  की शुक्रवार को  झारखंड और बंगाल में कार्रवाई कोकिंग कोयले की चोरी और तस्करी को लेकर की गई है.  बता दे कि कोकिंग कोल्   की अधिक स्मगलिंग होती है.  ज्यादा हिट वैल्यू के कारण यह   महंगा और बहुत उपयोगी होता है.  स्टील सेक्टर, हार्डकोक उद्योग  में कोकिंग कोल्  का ही उपयोग किया जाता है.  कोकिंग कोयले की अवैध खनन और स्मगलिंग में संगठित गिरोह  सक्रिय है, इस बात की पुष्टि पहले भी हो चुकी है. 

    रिपोर्ट -धनबाद ब्यूरो



    Related News