दुमका:विधानसभा तक गूंजा चोरी कांड, पुलिस ने किया बड़ा खुलासा

    दुमका:विधानसभा तक गूंजा चोरी कांड, पुलिस ने किया बड़ा खुलासा

    दुमका(DUMKA): हाल के दिनों में चोरी की लगातार घटनाओं से दुमका पुलिस पर सवाल खड़े हो रहे थे और चारों ओर दुमका पुलिस की किरकिरी हो रही थी. इसी बीच हंसडीहा स्थित मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल में हुई चोरी की गूंज झारखंड विधानसभा तक पहुंच गई थी. सदन के भीतर मंत्री डॉ. इरफान अंसारी और कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव के बीच इस मुद्दे पर तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली. अब दुमका पुलिस ने इस चर्चित चोरी कांड का सफल उद्भेदन कर राहत की सांस ली है.

    प्रशासन की सक्रियता, कांड दर्ज कर जांच शुरू

    चोरी की इस गंभीर घटना को लेकर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरैयाहाट के आवेदन पर हंसडीहा थाना कांड संख्या 115/2025 दर्ज किया गया. मामला भारतीय न्याय संहिता 2023 की संबंधित धाराओं के तहत पंजीकृत कर तत्काल अनुसंधान प्रारंभ किया गया.

    गंभीरता को देखते हुए एसआईटी गठित

    मामले की संवेदनशीलता और सार्वजनिक महत्व को देखते हुए वरीय पुलिस पदाधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया. टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी इनपुट और गुप्त सूचनाओं के आधार पर जांच को तेज़ी से आगे बढ़ाया.

    पांच आरोपी गिरफ्तार, गोड्डा और पाकुड़ जिलों से कनेक्शन उजागर

    पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इस चोरी कांड में संलिप्त कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में आलमगीर शेख, हुसैन शेख, अबिदुल शेख, माजिद अली और मो. एहसान दानिश शामिल हैं. मो. एहसान दानिश गोड्डा जिले का निवासी है, जबकि शेष चारों आरोपी पाकुड़ जिले के रहने वाले हैं. पूछताछ के दौरान सभी आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है.

    मेडिकल उपकरण सहित चोरी का बड़ा जखीरा बरामद

    गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गए कई कीमती सामान बरामद किए हैं. इनमें मेडिकल उपकरण, ऑक्सीजन सिलेंडर के ढक्कन, बड़ी मात्रा में कॉपर तार, एसी के पार्ट्स, सीसीटीवी डीवीआर, ब्लड प्रेशर मशीन, वैक्यूम गेज, मल्टीपैरा मीटर सहित अन्य सामान शामिल हैं. यह सामान कबाड़ी दुकानों और अस्पताल के पीछे जंगलनुमा इलाके से बरामद किया गया.

    स्वास्थ्य उपकरणों की हुई थी चोरी

    आरोपियों ने अस्पताल के सभी कमरों का ताला तोड़कर ऑक्सीजन पाइपलाइन, बिजली वायरिंग और अन्य आवश्यक उपकरणों की चोरी की थी. इसके साथ ही साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से सीसीटीवी सिस्टम को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया था.

    अन्य आरोपियों की तलाश जारी

    इस संबंध में एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने बताया कि कांड में संलिप्त अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर लिया जाएगा.

    दोहरी सफलता, लेकिन चुनौतियां बरकरार

    पुलिस के लिए यह दिन वास्तव में सफलता भरा रहा. एक ओर तालझारी कांड का उद्भेदन किया गया, वहीं दूसरी ओर चर्चित अस्पताल चोरी कांड का भी खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया गया. हालांकि, इसके बावजूद शहर में हुई अन्य चोरी की घटनाओं का उद्भेदन अब भी पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती बना हुआ है.


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news