दुमका: ब्लैक सन्डे साबित हुआ रविवार, 24 घंटे में 4 अलग अलग हादसों में 6 की मौत, 4 घायल

    दुमका: ब्लैक सन्डे साबित हुआ रविवार, 24 घंटे में 4 अलग अलग हादसों में 6 की मौत, 4 घायल

    दुमका(DUMKA): झारखंड की उप राजधानी दुमका के लिए कल रविवार ब्लैक संडे साबित हुआ. सुबह से शुरू हुआ हादसों का सिलसिला सोमवार सुबह तक जारी रहा. अलग - अलग 4 घटना में 6 लोगों की जान चली गई जबकि 4 लोग घायल हुए.

    ट्रक की चपेट में आने से 2 महिलाओं की हुई मौत

    पहली घटना हंसडीहा थाना के कुंजी गांव के समीप घटी जिसमें झारखंड पुलिस बहाली के लिए सड़क पर दौड़ का अभ्यास कर रही 2 महिला और एक युवती को अनियंत्रित ट्रक ने अपनी चपेट में ले लिया था, जिसमें दोनों महिला की मौत घटना स्थल पर ही हो गयी थी, जबकि घायल युवती का इलाज पीजेएमसीएच में चल रहा है.

    नहाने गए युवक की डूबने से मौत, 12 घंटे बाद मिला शव

    दूसरी घटना कल दोपहर की है जब 4 दोस्त जामा थाना के हरखा गांव के समीप मयूराक्षी नदी में नहाने पहुचे थे. नहाने के दौरान एक दोस्त डूब गया. रविवार देर शाम तक शव की तलाश की गई लेकिन सफलता नहीं मिली थी. सोमवार की सुबह मछुआरों की मदद से शव को खोजा गया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पीजेएमसीएच भेज दिया.

    दो बाइक की टक्कर में 3 लोगों की गई जान

    तिसरी घटना रविवार की शाम मसलिया थाना के केंद्र डंगाल फुटबॉल मैदान के पास की है. जहां दो बाइक की टक्कर हो गई. इस घटना में एक व्यक्ति की मौत घटनास्थल पर ही हो गई जबकि दो महिला तथा एक पुरुष कुल तीन लोग घायल हो गए. सभी घायलों को इलाज के लिए दुमका के फूलोझानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया जहां इलाज के दौरान देर रात दोनों महिलाओं की मौत हो गई. मृतका का नाम पबुआ देवी तथा माला देवी है जो खागा थाना क्षेत्र के शिमलाचक गांव की रहने वाली थी. वहीं घटनास्थल पर मृत व्यक्ति की मसलिया के राँगा गांव के रहने वाले थे.आज सोमवार को सभी शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा.

    हाइवा और पिकअप वैन की टक्कर में पिता - पुत्र घायल, रेफर

    हादसे का सिलसिला सोमवार को भी जारी है. सोमवार सुबह  मुफस्सिल थाना के पूसारो पुल के पास हाईवा और पिकअप वैन की टक्कर हो गई. इस घटना में पिकअप वैन सवार पिता पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों घायलों को इलाज के लिए दुमका के फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया. जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया. जानकारी के अनुसार घायल पिता पुत्र रामगढ़ थाना के कांजो सिमरा गांव के रहने वाले हैं, जो सब्जी का व्यवसाय करते हैं. आज सुबह पिकअप वैन से सब्जी लेने नोनीहाट जा रहे थे इसी बीच दुर्घटना का शिकार हो गए. मुफस्सिल थाना की पुलिस ने दोनों वाहनों को जप्त कर लिया है.

    रिपोर्ट: पंचम झा 


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Related News

    Our latest news