दुमका: चोरी हुई हाईवा 24 घंटे में बरामद, 3 गिरफ्तार

    दुमका: चोरी हुई हाईवा 24 घंटे में बरामद, 3 गिरफ्तार

    दुमका(DUMKA): दुमका पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. शिकारीपाड़ा थाना की पुलिस ने चोरी हुई हाईवा को 24 घंटे के अंदर बरामद करते हुए घटना में शामिल 3 लोगों को गिरफ्तार कर लिया.  समाहरणालय स्थित एसपी सभाकक्ष में आयोजित प्रेसवार्ता में एसपी पीताम्बर सिंह खेरवार ने इसकी जानकारी दी. 

    दरअसल 8 जुलाई की रात शिकारीपाड़ा थाना के सरसडंगाल निवासी विनोद प्रसाद भगत का हाईवा खदान से चोरी हो गयी. काफी खोज बीन के बाबजूद हाईवा संख्या JH 04 M 8221 का जब पता नहीं चला तो हाईवा मालिक द्वारा 9 अगस्त को इस बाबत अज्ञात चोर के विरुद्ध शिकारीपाड़ा थाना में मामला दर्ज कराया गया. 

     हाईवा का चालक है पूरे मामले का मास्टर माइंड

    मामला दर्ज होते ही पुलिस सक्रिय हुई.  चोरी किए गये हाईवा वाहन की बरामदगी एवं अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी सदर  के नेतृत्व में छापामारी टीम का गठन किया गया. 9 अगस्त को ही छपामारी दल के द्वारा इस घटना में शामिल अभियुक्त आलम अंसारी, मजिद अंसारी उर्फ मोजुवा दोनों थाना शिकारीपाड़ा तथा रहीम अंसारी ग्राम तकरारपुर थाना काठीकुण्ड को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार आलम अंसारी  इस हाईवा का चालक है जो पूरे मामले का मास्टर माइंड है. गिरफ्तार अभियुक्त के बयान एवं निशानदेही पर चोरी किए गये हाईवा को रानेश्वर थाना क्षेत्र के बरमसिया - रघुनाथपुर मुख्य सड़क स्थित जंगल के पास से बरामद किया गया है. 

    इस कांड में शामिल अन्य अभियुक्त के खिलाफ छापामारी जारी

    एसपी ने बताया कि इस कांड में अन्य अभियुक्त भी शामिल है जिसके विरूद्ध छापामारी जारी है. दुमका जिला में बड़े वाहनों की चोरी की यह कोई पहली घटना नहीं है. इससे कुछ महीने पूर्व शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र से हाईवा की चोरी हुई थी.  वैसे पुलिस ने उस मामले का उद्भेदन करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है.  एक महीने में नगर थाना क्षेत्र से 2 जबकि जामा थाना क्षेत्र से 1 स्कार्पियो की चोरी हो चुकी है. जिसका उद्भेदन अभी तक नहीं हो पाया है. 

    रिपोर्ट: पंचम झा 



    Related News