दुमका : तालझारी हत्याकांड का पुलिस ने किया उद्भेदन, 4 आरोपी गिरफ्तार


दुमका(DUMKA): पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. सोमवार को तालझारी थाना क्षेत्र से पुलिस ने अज्ञात युवक का शव बरामद किया था. रविवार की रात संकरी जंगल में गोली मारकर युवक की हत्या की गई थी. इस मामले का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उद्भेदन कर लिया है. इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक फरार अभियुक्त की तलाश जारी है.
बिहार के बांका जिला का रहने वाला था मृतक जबकि दुमका और देवघर जिला का है आरोपी
मृतक की पहचान विकास कुमार यादव उर्फ विक्की (25 वर्ष), निवासी जरुवाडीह, थाना कटोरिया, जिला बाँका (बिहार) के रूप में हुई. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक दुमका के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जरमुण्डी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई.
चार आरोपी गिरफ्तार, एक फरार, पिस्टल सहित कई समान बरामद
पुलिस टीम ने सूचना संकलन और छापामारी के दौरान हत्या में शामिल चार आरोपियों चन्द्रकान्त कुमार यादव, धीरज कुमार, नितेश कुमार उर्फ विड्डू एवं अरविन्द कुमार को गिरफ्तार किया. आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 7.65 एमएम का पिस्टल, एक जिंदा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की सफेद टाटा पंच कार, चार मोबाइल फोन तथा मृतक के आधार कार्ड, पैन कार्ड व एटीएम कार्ड बरामद किए गए हैं.
साइबर फ्रॉड से अर्जित राशि के बंटवारे को लेकर हुआ था विवाद
समाहरणालय स्थित एसपी सभाकक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने हत्या के कारण का खुलासा किया. उन्होंने कहा कि मृतक और आरोपी पूर्व से परिचित थे. सभी साइबर अपराध से जुड़े है. साइबर फ्रॉड से अर्जित राशि के बंटवारे को लेकर विवाद हुआ, जिसकी परिणति हत्या के रूप में सामने आया.
कांड के उद्भेदन में शामिल थे पुलिस पदाधिकारी व जवान
इस सफल कार्रवाई में एसडीपीओ जरमुण्डी, पुलिस निरीक्षक हँसडीहा प्रभाग, तालझारी व सरैयाहाट थाना प्रभारियों सहित पुलिस टीम के अन्य पदाधिकारी एवं जवान शामिल थे.
अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश
दुमका पुलिस की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से न केवल हत्याकांड का खुलासा हुआ है, बल्कि अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश भी गया है.
रिपोर्ट: पंचम झा
4+