दुमका: अब कोई भी बेटी नहीं होगी पेट्रोल कांड जैसे जुर्म का शिकार ! प्रशासन ने लिया फैसला, बोतल में नहीं मिलेगा पेट्रोल 

    दुमका: अब कोई भी बेटी नहीं होगी पेट्रोल कांड जैसे जुर्म का शिकार ! प्रशासन ने लिया फैसला, बोतल में नहीं मिलेगा पेट्रोल 

    दुमका (DUMKA):  दुमका के चर्चित दो पेट्रोल कांड में जिले की दो बेटियों को जान गवानी पड़ी. दोनों की मौत के बाद देर से ही सही, लेकिन पुलिस प्रशासन ने बोतल में पेट्रोल नहीं देने निर्देश जारी किया है.

    थाना प्रभारियों को निर्देश

    इस फैसले के संबंध में सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया गया है कि उनके क्षेत्र में अब किसी भी दुकान में पेट्रोल और डीजल नहीं बिकना चाहिए. जो लोग बेचते हैं, उन पर रोक लगाएं. इसके बाद भी अगर कोई नहीं मानता है तो सीधे कार्रवाई करें. पंप मालिकों को भी नोटिस देकर कहा गया है कि वे किसी भी सूरत में बोतल में पेट्रोल नहीं दें. अगर कोई दबाव बनाता है तो इसकी जानकारी पुलिस को दें. पंप में जनता की सुविधा के लिए पहले से तय सारी व्यवस्था करें. 

    इन हादसों को देखते हुए लिया गया फैसला 

    दरअसल दुमका शहर में 23 अगस्त को सिरफिरे शाहरूख हुसैन और नईम खान ने घर में सो रही किशोरी को पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया था. वहीं 28 अगस्त को रांची में उसने दम तोड़ दिया. इसके बाद छह अक्टूबर को जरमुंडी में 19 साल की युवती को उसके ही करीबी राजेश राउत ने पेट्रोल डालकर जला दिया. रात को ही रांची पहुंचने से पहले उसकी मौत हो गई. शाहरुख ने एक पंप से और राजेश ने एक किराना दुकान से पेट्रोल खरीदा था. दोनों ने तेल के लिए बोतल का इस्तेमाल किया था. बता दें कि दुमका शहर से लेकर गांव तक में किराना दुकान के अलावा पान की दुकानों में भी धड़ल्ले से पेट्रोल की बिक्री होती है. 

    एसपी ने कहा 

    इस बाबत एसपी अंबर लकड़ा ने कहा कि थाना प्रभारी और पंप मालिकों को निर्देश दिया गया है कि खुले में और बोतल में पेट्रोल और डीजल देने पर रोक लगाएं. पंप के अलावा कहीं पर इन चीजों की बिक्री गैर कानूनी है. आदेश की अनदेखी करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी. 

    रिपोर्ट: पंचम झा, दुमका


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news