दुमका: भूरभूरी पुल के पास भीषण सड़क हादसा, बाइक सवार दो युवकों की मौत, एक गंभीर


दुमका (DUMKA): दुमका भागलपुर मुख्य मार्ग पर जामा थाना के भूरभूरी पुल के समीप देर रात भीषण सड़क दुर्घटना में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. मृतकों की पहचान जामा थाना क्षेत्र के कोल्हिया गांव निवासी करण मांझी तथा कटनियां गांव निवासी सोनू कुंवर के रूप में हुई है. वहीं जामा निवासी टमटम कुमार गंभीर रूप से घायल है. जिसे इलाज के लिए दुमका के फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे. इसी दौरान भूरभूरी पुल के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी . टक्कर इतनी तेज थी कि दो युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क किनारे जा गिरा.
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी. जामा थाना पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया जबकि दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है. पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और अज्ञात वाहन की पहचान का प्रयास जारी है. इस हृदयविदारक हादसे के बाद दोनों मृतकों के घरों में मातम पसरा हुआ है.
4+