दुमका: पेड़ से लटका मिला युवक का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका


दुमका(DUMKA): दुमका जिला के हंसडीहा थाना क्षेत्र के बबनखेता गांव में पेड़ से लटका हुआ एक युवक का शव लोगों ने देखा. शव की पहचान हंसडीहा थाना क्षेत्र के बबनखेता गांव निवासी रामलाल राउत के रूप में की गई. घटना की सूचना स्थानीय लोगों द्वारा हंसडीहा थाना प्रभारी सुगना मुंडा को दी गई. सूचना मिलने के तुरंत बाद एसआई उत्तम पासवान पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे. पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू करते हुए शव को पेड़ से नीचे उतरवा कर थाना ले आई. वहीं मृतक के परिजनों ने पुलिस के समक्ष हत्या की आशंका जताई है. मृतक के बड़े भाई छबिलाल राउत ने बताया कि शुक्रवार शाम से ही रामलाल लापता था. जब रात होने के बाद भी वे घर नहीं पहुंचा तो घरवालों ने अपने स्तर से उसकी खाफी खोजबीन की लेकिन उसका कुछ पता नही चला.
पेड़ से लटका मिला शव
शनिवार को लोगों ने देखा कि रामलाल का शव पेड़ से लटका हुआ है. परिजनों को ये संदेह है कि रामलाल ने आत्महत्या नही की होगी. उसकी हत्या कर पेड़ से लटका दिया गया होगा, ताकि लोग इसे आत्महत्या समझे. इस संदर्भ में थाना प्रभारी सुगना मुंडा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए दुमका भेज दिया गया है. ये हत्या है या आत्महत्या पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही इसका खुलासा होगा. वैसे पुलिस तमाम बिंदुओं पर अनुसंधान में जुट गई है.
रिपोर्ट: पंचम झा, दुमका
4+