मुरहू में ग्राम प्रधान सहित दो की हत्या, जांच में जुटी पुलिस

    मुरहू में ग्राम प्रधान सहित दो की हत्या, जांच में जुटी पुलिस

    खूंटी(KHUNTI):जिला के मुरहू थाना अंतर्गत रुबुआ बीरडीह गांव के समीप रविवार देर शाम अज्ञात अपराधियों ने ग्राम प्रधान सोमा मुंडा (55 वर्ष) और जेम्स पूर्ति (38 वर्ष)  की धारदार हथियार व लाठियों से पीटकर नृशंस हत्या कर दी. देर शाम घटित इस घटना की सूचना मुरहू थाना की पुलिस को मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन में जुट गई है. दोनों शव को पुलिस ने अपने कब्जे में कर  खूंटी सदर अस्पताल भेज दिया है.

    एसडीपीओ अमित कुमार ने इस दोहरे हत्याकांड की पुष्टि करते हुए बताया कि रविवार को गांव में फुटबॉल मैच का आयोजन हो रहा था. फुटबॉल मैच देखकर रूबुआ बीरडीह गांव के ग्राम प्रधान अपने मित्र जेम्स पूर्ति के साथ शाम में घर लौट रहे थे. इसी दौरान अज्ञात अपराधियों ने इस वारदात को अंजाम दिया. एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी है। अभी तक हत्याकांड के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है.

    इस संबंध में मृतक ग्राम प्रधान की पत्नी के बयान पर मुरहू थाना में अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज किया गया है. एसडीपीओ ने दावा किया है कि शीघ्र ही हत्याकांड का खुलासा कर हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. सोमवार को दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है. पोस्टमार्टम के उपरांत शव स्वजनों को सौंप दिया जाएगा.

    रिपोर्ट: मुजफ्फरपुर हुसैन, खूंटी


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news