जर्मनी में पत्नी, पटना में पति और सिमडेगा में पंचायत- जानिए क्या है मामला

    जर्मनी में पत्नी, पटना में पति और सिमडेगा में पंचायत- जानिए क्या है मामला

    सिमडेगा (SIMDEGA): बहुत ही अलग ढंग की एक खबर मिली है. जर्मनी में पत्नी रह रहीं, पटना में पति लेकिन इनके बीच वर्चुअल माध्यम से तलाक़ की प्रक्रिया सिमडेगा में लगी पंचायत में पूरी हुई. यह पंचायत थी- सिविल कोर्ट सिमडेगा में जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) की विशेष मध्यस्थता शिविर. झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देश पर इस पांच दिवसीय विशेष मध्यस्थता शिविर का आयोजन किया गया है.

    तीन साल से अलग रह रहा था दंपत्ति

    शशि नाग सिमडेगा जिले के कोलेबिरा थाना अंतर्गत लचारगढ़ की रहने वाली है. वहीं शशांक कुमार पटना के रहने वाले हैं. दोनों की शादी 2017 में बानो थाना क्षेत्र के प्रसिद्ध मंदिर केतुङ्गा धाम में हुई थी. कुछ माह बाद शशि जर्मनी चली गई. वहीं शशांक पटना में सरकारी जाॅब करने लगे. करीब 3 वर्षों तक अलग-अलग रहने के बाद दोनों ने हमेशा के लिए जुदा होने का फैसला लिया. इसके बाद दोनों ने संयुक्त रूप से सिमडेगा कोर्ट में पीडीजे के यहां तलाक के लिए आवेदन दिया. इसपर गुरुवार को सुनवाई हुई.

    इसे भी पढ़ें:

    शिक्षक की नौकरी देने के नाम पर लाखों रुपए की ठगी कर फरार- ग्रामीणों की शिकायत

    वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई तलाक

    जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव मनीष कुमार सिंह ने बताया कि पारिवारिक मामलों के निष्पादन के लिए 20 से 24 जून तक विशेष मध्यस्थता अभियान का आयोजन किया गया है. जिसमें गुरुवार को जिले में तलाक के इस पहले मामले का निष्पादन हुआ, जिसमें दोनों पक्ष अलग-अलग देश में रह रहे हों. दोनों के बीच ये समझौता विशेषज्ञ अधिवक्ता प्रदुमन सिंह ने कराया. सुनवाई के क्रम में पति शशांक कुमार पटना से तो पत्नी शशि नाग जर्मनी से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुईं. दोनों ने बताया कि वे दोनों अलग-अलग देश में रहते हैं और आत्मनिर्भर हैं. दोनों करीब 3 वर्षों से अलग हैं. वे आपसी सहमति से बिना किसी शर्त के अलग होना चाहते हैं. जिसके बाद हिन्दू मैरेज एक्ट के तहत तलाक के लिए दोनों का समझौता कराया गया.

    रिपोर्ट: अमित रंजन, सिमडेगा


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news