बोकारो (BOKARO): जिले में चाय के पैसे को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद अब गंभीर कानूनी मामले में बदल गया है. जिले में एक दलित युवक के साथ कथित मारपीट और जातिसूचक टिप्पणी करने के आरोप में एससी/एसटी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम सहित कई धाराओं में केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.
पीड़ित युवक की पहचान चंदन कुमार के रूप में हुई है. चंदन ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि वह अक्सर ईश्वर महतो की दुकान पर चाय पीने जाया करता था. इसी दौरान उसके ऊपर करीब 500 रुपये का बकाया हो गया था. पीड़ित के अनुसार, 13 अप्रैल 2026 की रात करीब 8 बजे वह हवाई अड्डा और सेक्टर-2 मोड़ के बीच से गुजर रहा था, तभी उसकी मुलाकात ईश्वर महतो और कुछ अन्य लोगों से हुई.
शुरुआत में दोनों के बीच सामान्य बातचीत हुई, लेकिन देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया. आरोप है कि जब चंदन ने बकाया राशि एक सप्ताह के भीतर चुकाने की बात कही, तो आरोपी भड़क गए. इस दौरान उसके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए धमकी दी गई. पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने उसे पटक-पटक कर मारने की धमकी भी दी.
मामले की शिकायत मिलने के बाद बोकारो के एससी/एसटी थाना में एफआईआर दर्ज कर ली गई है. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 351(2) समेत अन्य प्रासंगिक धाराएं लगाई हैं. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है. वहीं पीड़ित ने प्रशासन से न्याय दिलाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.

