धनबाद(DHANBAD):कांग्रेस में प्रदेश से लेकर जिला तक खींचतान की राजनीति चरम पर है. प्रदेश में जहां वित्त मंत्री प्रदेश समिति के खिलाफ मोर्चा खोले हुए हैं, तो धनबाद जिले में बिछुब्धों ने भी रविवार को जिला अध्यक्ष के खिलाफ सीधा मोर्चा खोल दिया. धनबाद कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति भी रविवार को खुलकर सामने आ गई. अब यह राजनीति बैठक, बयान तक पहुंच गई है. एक ओर जहां धनबाद जिला कांग्रेस कमेटी धनबाद के सीओ के खिलाफ आंदोलन कर रही है, तो वहीं दूसरी ओर पार्टी के बिछुब्ध कांग्रेस नेता खुलकर पार्टी के निर्णय का विरोध करने लगे है. जानकारी के अनुसार रविवार को धनबाद सर्किट हाउस में नाराज कांग्रेस नेताओं की बैठक हुई. बैठक में नेताओं ने जिला कांग्रेस अध्यक्ष को निशाने पर लिया और उन पर गंभीर आरोप लगाए.
बिछुब्धों की बैठक के बाद हलचल हो गई है तेज
इसके बाद धनबाद जिला कांग्रेस में हलचल तेज हो गई है. बैठक में मौजूद नेताओं ने आरोप लगाया कि जमीन मामलों में दबाव बनाकर काम कराने की कोशिश की गई. काम नहीं हुआ तो पार्टी के बैनर का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है. आरोप लगाया गया कि बड़ी रकम की किसी जमीन का म्यूटेशन नहीं होने की वजह से अंचल अधिकारी के खिलाफ आंदोलन चलाया जा रहा है. नाराज नेता काफी मुखर थे. बता दे कि धनबाद के सीओ ने धनबाद जिला कांग्रेस के कई नेताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है. विरोध में कांग्रेस नेताओं ने भी काउंटर केस किया है. जिला अध्यक्ष संतोष सिंह के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल इस मामले को लेकर डीसी और एसएसपी से भी मिला है.
धनबाद में लगातार चुनाव हार रही है कांग्रेस पार्टी
बताया गया कि धनबाद सर्किट हाउस में विक्षुब्ध कोंग्रेसियों ने बैठक कर पार्टी जिला अध्यक्ष संतोष सिंह को पद से हटाने को लेकर प्रदेश नेतृत्व के समक्ष मांग रखने का निर्णय लिया है .सभी ने एक स्वर से जिला अध्यक्ष की कार्य शैली पर असंतोष व्यक्त किया एवं विरोधी कार्य करने का आरोप लगाया है. पूर्व जिला सचिव हिमायूं रजा ने कहा कि संतोष सिंह के जिला अध्यक्ष रहने से पार्टी लोकसभा, विधानसभा का चुनाव हारी. मेयर चुनाव भी हम जीत नहीं सके. मनोज सिंह ने संतोष हटाओ कांग्रेस बचाओ का नारा दिया. कांग्रेस नेता अनवर समीम ने जिला अध्यक्ष पर चुनाव के समय भाजपा के लिए कार्य करने का आरोप लगाया. बैठक में शामिल हुए कांग्रेस नेता वैभव सिन्हा ने कहा कि जिला अध्यक्ष कि गतिविधियां तीन चार वर्षो में विपक्षी पार्टी भाजपा को लाभ पहुंचाने की रही है. उन्होंने जिला अध्यक्ष के नेतृत्व में धनबाद सीओ के खिलाफ किये गए आंदोलन पर भी सवाल उठाये। उन्होंने कहा कि अपनी ही सरकार में रहकर जिला अध्यक्ष ने इस आंदोलन के जरिये सरकार का विरोध कर रहे है ,यह सही नहीं है.

