पाकुड़ में जनगणना 2027 की डिजिटल शुरुआत: 1 मई से 15 मई तक चलेगा स्व-जनगणना अभियान

    पाकुड़ में जनगणना 2027 की डिजिटल शुरुआत: 1 मई से 15 मई तक चलेगा स्व-जनगणना अभियान

    पाकुड़ (PAKUR): जिले में जनगणना 2027 को लेकर डिजिटल प्रक्रिया की औपचारिक शुरुआत हो गई है. 1 मई से 15 मई तक जिले में स्व-जनगणना अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत नागरिक अब स्वयं ऑनलाइन अपने और अपने परिवार की जानकारी दर्ज कर सकेंगे. इस पहल का उद्देश्य जनगणना प्रक्रिया को अधिक सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाना है.

    पाकुड़ की उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे इस डिजिटल अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें. उन्होंने बताया कि अब नागरिकों को प्रगणक के इंतजार की आवश्यकता नहीं होगी, बल्कि वे खुद आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर स्व-जनगणना कर सकते हैं.

    इस प्रक्रिया के तहत सबसे पहले मोबाइल नंबर के माध्यम से ओटीपी आधारित लॉगिन करना होगा. इसके बाद राज्य, जिला और स्थानीय क्षेत्र का चयन कर डिजिटल मैप पर अपने घर की पहचान करनी होगी. पूरी प्रक्रिया में परिवार से जुड़े कुल 34 सवालों के जवाब देने होंगे, जिनमें सामाजिक, आर्थिक और आवासीय जानकारी शामिल है.

    जानकारी दर्ज करने के बाद एक सेल्फ एन्यूमरेशन आईडी जनरेट होगी, जिसे सुरक्षित रखना अनिवार्य है. बाद में जब प्रगणक सत्यापन के लिए घर पहुंचेंगे, तो यही आईडी दिखानी होगी. डीसी ने कहा कि इस नई व्यवस्था से न केवल समय की बचत होगी, बल्कि नागरिक अपनी सही और सटीक जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे, जिससे डेटा की गुणवत्ता में भी सुधार होगा. जिला प्रशासन ने सभी लोगों से अपील की है कि वे 15 मई से पहले इस अभियान में अवश्य भाग लें और जनगणना को सफल बनाने में सहयोग करें.

    रिपोर्ट: विकास कुमार



    Related News