धनबाद(DHANBAD) : धनबाद का सदर अस्पताल अब केवल अस्पताल ही नहीं, बल्कि लोगों की जरुरत बन गया है. कई तरह की जांच की व्यवस्था शुरू हो गई है. इसके अलावा कई क्रिटिकल ऑपरेशन सफलतापूर्वक पूरे किए गए हैं. व्यवस्था में सुधार की निरंतरता जारी है. विगत 11 मार्च को सदर अस्पताल में पहली बार एक मरीज की टोटल हिप रिप्लेसमेंट सर्जरी सफलतापूर्वक की गई थी. उक्त मरीज को मंगलवार को सदर अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया.
धनबाद के बैंक मोड़ का रहने वाला है मरीज
अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ संजीव कुमार प्रसाद ने बताया कि बैंक मोड़ थाना क्षेत्र के रे टाकीज के पीछे रहने वाले मरीज, बुद्धि शंकर (32), अहमदाबाद में एक दूध फैक्ट्री में कार्यरत थे, मरीज पोलियो से पीड़ित थे.कार्य के दौरान फैक्ट्री में गिरने से उनकी हिप बोन में गंभीर फ्रैक्चर हो गया था. आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वे निजी अस्पताल में महंगा इलाज कराने में असमर्थ थे. मरीज के पास आयुष्मान कार्ड होने के कारण उन्होंने इलाज के लिए सदर अस्पताल, धनबाद का रुख किया। यहां ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. मुकेश प्रसाद से परामर्श लिया गया, जांच के बाद उन्होंने मरीज को टोटल हिप रिप्लेसमेंट (टीएचआर) सर्जरी की सलाह दी.
11 मार्च 2026 को सदर अस्पताल में हुआ था ऑपरेशन
तत्पश्चात 11 मार्च 2026 को सदर अस्पताल में डॉ. मुकेश प्रसाद (ऑर्थोपेडिक सर्जन) के नेतृत्व में, उनके सहयोगी डॉ. रवि खेतान तथा निश्चेतक विशेषज्ञ डॉ. आनंद के सहयोग से इस जटिल सर्जरी को सफलतापूर्वक सम्पन्न किया गया. सर्जरी के बाद लगभग 12 दिनों तक मरीज को अस्पताल में रखा गया. इस दौरान फिजियोथैरेपी, नियमित व्यायाम, पौष्टिक भोजन तथा दवाई इत्यादि देकर आज उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया. डिस्चार्ज होने से पहले मरीज को घुटने मोड़ने, पलाठी मारने, पैरों पर वजन रखकर चलने फिरने में किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं हुई. जबकि इससे पहले पोलियो से पीड़ित होने के कारण यह सब करना मरीज के लिए संभव नहीं था.
रिपोर्ट -धनबाद ब्यूरो
Thenewspost - Jharkhand
4+


