धनबाद में आज तय होगी शहर की सरकार, 141 टेबलों पर हो रही मतों की काउंटिंग


धनबाद (DHANBAD): झारखंड के धनबाद नगर निगम और चिरकुंडा नगर परिषद के नगर निकाय चुनाव का फैसला आज होने जा रहा है. मतगणना सुबह 8 बजे से राजकीय पॉलिटेक्निक, धनबाद में शुरू होगी. प्रशासन ने मतगणना स्थल पर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. प्रत्याशी और उनके समर्थक भी गणना के लिए समय से पहले जुट गए हैं.
धनबाद नगर निगम के महापौर और 55 वार्ड पार्षदों के मतों की गिनती 11 काउंटिंग हॉल में 117 टेबल पर की जाएगी. वहीं, चिरकुंडा नगर परिषद के अध्यक्ष और 21 वार्ड पार्षदों की गिनती 4 काउंटिंग हॉल में 24 टेबल पर होगी.
मतगणना की शुरुआत धनबाद नगर निगम के वार्ड 1, 6, 11, 16, 21, 26, 31, 36, 41, 46 और 51 से होगी, उसके बाद क्रमवार अन्य वार्डों की गिनती की जाएगी. वार्ड 1 से 5 के लिए 11 टेबल, 6 से 10 के लिए 11 टेबल, 11 से 15 के लिए 9 टेबल, 16 से 20 के लिए 10 टेबल और 21 से 25 के लिए 12 टेबल की व्यवस्था की गई है. वार्ड 26 से 30 के लिए 12 टेबल, 31 से 35 के लिए 10, 36 से 40 के लिए 10, 41 से 45 के लिए 10, 46 से 50 के लिए 10 और अंतिम 51 से 55 वार्ड के लिए 12 टेबल निर्धारित की गई है.
चिरकुंडा नगर परिषद में भी हर वार्ड के लिए 6-6 टेबल पर गिनती होगी. धनबाद और चिरकुंडा दोनों जगह महापौर/अध्यक्ष और वार्ड पार्षदों की गिनती एक साथ की जाएगी. हर टेबल पर काउंटिंग सुपरवाइजर और दो असिस्टेंट मौजूद रहेंगे, ताकि प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी रहे.
सुरक्षा और प्रशासनिक अधिकारियों की नजर हर कदम पर रहेगी, ताकि मतगणना शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो. इस बार की गणना न केवल नगर निगम की सत्ता का फैसला तय करेगी, बल्कि क्षेत्र में राजनीतिक दलों के जनाधार का भी मूल्यांकन करेगी.
रिपोर्ट: नीरज कुमार
4+