धनबाद (DHANBAD): जिले के तेतुलमारी स्टेशन के पास पोल के समीप एक दर्दनाक हादसे में एक युवक की अज्ञात ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई. मृतक की पहचान सुबोध कुमार सिंह के रूप में हुई है, जो गया जिला के टिकारी थाना क्षेत्र के लाव गांव के निवासी थे. इस घटना से इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है.
सुबोध शनिवार सुबह करीब 9 बजे अपने घर से निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे. पहले तो परिवार वालों ने सोचा कि वह किसी काम में व्यस्त होंगे, लेकिन जब रात तक उनका कोई पता नहीं चला तो चिंता बढ़ गई. काफी खोजबीन के बाद भी जब कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने स्थानीय थाना में गुमशुदगी की सूचना दी.
इसी बीच धनबाद जीआरपी थाना से खबर आई कि तेतुलमारी स्टेशन के पास एक व्यक्ति की ट्रेन से कटकर मौत हो गई है. जब परिजन मौके पर पहुंचे, तो शव की पहचान सुबोध कुमार सिंह के रूप में हुई.
बताया जा रहा है कि सुबोध सूरत में एक निजी कंपनी में नौकरी करते थे और कुछ दिन पहले ही अपने गांव आए थे. परिजनों ने यह भी बताया कि वह पिछले कुछ समय से पारिवारिक विवाद और घरेलू तनाव के कारण मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे. हालांकि, हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, यह अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है.
सुबोध पहले बस के जरिए गया स्टेशन पहुंचे और वहां से ट्रेन पकड़कर धनबाद आए थे. तेतुलमारी स्टेशन के पास किसी समय वह ट्रेन की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद जीआरपी पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और यह जानने की कोशिश कर रही है कि यह हादसा था या इसके पीछे कोई अन्य कारण है.
रिपोर्ट- नीरज कुमार

