धनबाद: अधिकारी सड़क पर उतरे तो खुली स्कूल बसों की पोल पट्टी, लाखों का लगा जुर्माना

    धनबाद:  अधिकारी सड़क पर उतरे तो खुली स्कूल बसों की पोल पट्टी, लाखों का लगा जुर्माना

    धनबाद(DHANBAD): धनबाद में स्कूली बसों  की जांच पड़ताल का अभियान तेज है.  पिछले दो दिन से लगातार अधिकारी सड़क पर उतर रहे हैं और वाहनों के कागजात की जांच कर रहे है.  कागजात सही नहीं मिलने पर जुर्माना किया जा रहा है.  दरअसल, धनबाद में संचालित पब्लिक स्कूलों के बस कई कारणों  से सवालों के घेरे में रहते आए हैं.  जिला प्रशासन ने अब सख्ती  शुरू की है.  

    बुधवार को कई स्कूली वाहनों की हुई जाँच 

    जानकारी के अनुसार उपायुक्त  आदित्य रंजन के आदेशानुसार जिला परिवहन पदाधिकारी  दिवाकर सी द्विवेदी के नेतृत्व में मोटरयान निरीक्षक अभय कुमार तथा शुभम कुमार ने बुधवार को  डीएवी पब्लिक स्कूल कुसुंडा, डीएवी पब्लिक स्कूल लोदना तथा टाटा डीएवी जामाडोबा में स्कूली वाहनों की जांच की. जांच में डीएवी पब्लिक स्कूल के 6 वाहनों के कागजात सही नहीं पाए गए.  उन पर मोटरवाहन अधिनियम के तहत 51,400 रुपए का जुर्माना किया गया, जबकि टाटा डीएवी पब्लिक स्कूल जामाडोबा के 4 वाहनों पर 52,900 रुपए का जुर्माना किया गया. 

    मंगलवार को धनबाद के तोपचांची में चला था अभियान 

    इसके पहले मंगलवार को  सत्किरा ,तोपचांची में दून पब्लिक स्कूल तथा तोपचांची में ज्योति पब्लिक स्कूल में स्कूली वाहनों की जांच की गई थी.  जांच के क्रम में दून पब्लिक स्कूल के 14 वाहनों के कागजात सही नहीं पाए गए, उक्त वाहनों पर मोटरवाहन अधिनियम के तहत एक लाख 60 हजार रुपए का जुर्माना किया गया। जबकि ज्योति पब्लिक स्कूल के 4 वाहनों पर 9350 रुपए का जुर्माना किया गया। मौके पर जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधक सुनील कुमार, रोड सेफ़्टी इंजीनियर अमरेश कुमार, स्कूल के शिक्षक उपस्थित रहे.



    Related News