धनबाद : कतरी नदी पर अवैध पुल को लेकर बढ़ा बवाल, क्रेशर यूनिट बंद कराने की मांग हुई तेज

    धनबाद : कतरी नदी पर अवैध पुल को लेकर बढ़ा बवाल, क्रेशर यूनिट बंद कराने की मांग हुई तेज

    धनबाद (DHANBAD): जिले के तोपचांची प्रखंड अंतर्गत खुरडीह स्थित कालाझर मौजा में अवैध पुल निर्माण और पत्थर माइंस को लेकर विवाद गहराता जा रहा है. स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने इस मामले में प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है. मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है और क्षेत्र में विरोध तेज हो गया है.

    जानकारी के अनुसार, कतरी नदी पर बनाए गए कथित अवैध पुल और आसपास संचालित क्रेशर यूनिट को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है. जिला परिषद उपाध्यक्ष सरिता देवी ने इस मुद्दे को गंभीर बताते हुए उपायुक्त, डीडीसी और जिला खनन पदाधिकारी को लिखित शिकायत सौंप दी है. उन्होंने स्पष्ट रूप से अवैध पुल को ध्वस्त करने और क्षेत्र में चल रही क्रेशर गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग की है.

    शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पत्थर माइंस और क्रेशर यूनिट की अनियंत्रित गतिविधियों से आम लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है. भारी वाहनों की आवाजाही से सड़कें खराब हो रही हैं और धूल के कारण आसपास के घरों में रहना मुश्किल हो गया है. खासकर स्कूल जाने वाले बच्चों के स्वास्थ्य पर इसका बुरा असर पड़ रहा है.

    इसके अलावा, नदी के बीच बनाए गए पुल से जल प्रवाह प्रभावित होने की आशंका जताई गई है. इससे पर्यावरण असंतुलन के साथ-साथ भविष्य में जल संकट की स्थिति उत्पन्न हो सकती है. ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है.

    सरिता देवी ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण हटाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है. उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक निर्माण का मामला नहीं, बल्कि पर्यावरण और आम जनता की सुरक्षा से जुड़ा मुद्दा है.

    रिपोर्ट : नीरज कुमार



    Related News