DHANBAD!!पूस की हाड़कपाती ठंड में देर रात को प्रशासनिक अमला था सड़क पर 

    DHANBAD!!पूस की हाड़कपाती ठंड में देर रात को प्रशासनिक अमला था सड़क पर

    धनबाद(DHANBAD): पूस महीने की रात और सितम ढाहती  ठंड , कोयलांचल का तो अभी यही हाल है.  गर्म कपड़े चाहे कितना भी पहन लीजिए लेकिन पछुआ  का झोंका हड्डी तक को भेद  दे रहा है. इसी सर्द रात  में बुधवार की रात धनबाद जिला प्रशासन का अमला  देर रात को सड़क पर था. बिना छत के रह रहे लोगों का हाल-चाल लिया  जा रहा था. उन्हें कंबल ओढ़ाया  जा रहा था. इस काम में उपायुक्त ,डीडीसी   सहित अन्य अधिकारी लगे हुए थे.  जिला प्रशासन के जारी प्रेस नोट में बताया गया है कि बढ़ती ठंड और शीतलहर के प्रभाव को देखते हुए शहर के आसपास के इलाके तथा विभिन्न चौक -चौराहों पर गुजर बसर कर रहे जरूरतमंदों के बीच उपायुक्त  वरुण रंजन देर रात तक कंबल का वितरण किया.  उन्होंने जरूरतमंदों का हाल-चाल भी लिया. शहर के बैंक मोड़, सिटी सेंटर, पीएमसीएच, स्टील गेट, बस स्टैंड,रेलवे स्टेशन, शक्ति मंदिर, हीरापुर, धनबाद अंचल,  पुराना बाजार समेत विभिन्न चौक-चौराहों में सैंकड़ों जरूरतमंदों के बीच कंबल का वितरण किया गया. 

    लोगों के स्वास्थ्य की भी ली जा रही थी जानकारी 

    कम्बल वितरण के क्रम में उपायुक्त ने लोगों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा ठंड के प्रति लोगों को सचेत रह  ठंढ से बचने की सलाह दी. कम्बल वितरण के क्रम में उपायुक्त वरुण रंजन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि बढ़ती ठंड को देखते हुए जिला में कोई व्यक्ति चाहे वह बेघर हो या कोई अन्य व्यक्ति हो, वह खुले में या सड़कों पर ना सोये.  हर सम्भव प्रयास करे कि ठंड के बचाव के लिए उस व्यक्ति को रैन बसेरा में पहुंचाया जाए. मौके पर उपायुक्त वरुण रंजन, उप विकास आयुक्त  शशि प्रकाश सिंह, डीएफओ  विकास पालीवाल, नगर आयुक्त  रविराज शर्मा, अनुमंडल पदाधिकारी उदय रजक, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा  नियाज आलम, विशेष कार्य पदाधिकारी  सुशांत मुखर्जी समेत अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे.

    रिपोर्ट -धनबाद ब्यूरो  



    Related News