धनबाद: स्कूल बना अखाड़ा,10वीं के छात्र को पीट-पीटकर किया लहूलुहान, जानिए क्या है मामला

    धनबाद: स्कूल बना अखाड़ा,10वीं के छात्र को पीट-पीटकर किया लहूलुहान, जानिए क्या है मामला

    धनबाद (DHANBAD): जिले के बलियापुर थाना क्षेत्र स्थित करमाटांड़ के जगदीश पब्लिक स्कूल में छात्रों के बीच मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है. आरोप है कि 9वीं कक्षा के पांच छात्रों ने 10वीं के एक छात्र को स्कूल के बाथरूम में ले जाकर बेरहमी से पीटा. घटना में घायल छात्र को इलाज के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) में भर्ती कराया गया है. घटना के बाद छात्र के परिजनों में भारी आक्रोश है और उन्होंने स्कूल प्रबंधन की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं.

    घायल छात्र की पहचान तरुण कुमार के रूप में हुई है. छात्र के पिता बलराम चौधरी ने बताया कि उनका बेटा बुधवार को रोज की तरह स्कूल पढ़ने गया था. इसी दौरान कुछ छात्रों ने उसे जबरन पकड़कर स्कूल के बाथरूम में ले गए और वहां उसके साथ मारपीट की. जब उन्हें इस घटना की जानकारी मिली तो वे तुरंत स्कूल पहुंचे और स्कूल प्रबंधन से मामले की पूरी जानकारी मांगी, लेकिन उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया.

    परिजनों का आरोप है कि स्कूल प्रशासन ने घटना को गंभीरता से लेने के बजाय आरोपित छात्रों को चुपचाप घर भेज दिया. बलराम चौधरी ने कहा कि स्कूल परिसर में कई सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं और पूरी घटना कैमरे में कैद हुई होगी. इसके बावजूद स्कूल प्रबंधन ने तत्काल कोई सख्त कदम नहीं उठाया. उन्होंने दोषी छात्रों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. वहीं घायल छात्र तरुण कुमार ने बताया कि वह स्कूल के बाथरूम में गया हुआ था. उसी दौरान पांच छात्र वहां पहुंचे और बिना किसी कारण बताए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी. उसने बताया कि आरोपित छात्रों ने उसे बुरी तरह पीटा, जिससे उसके सिर और छाती में गंभीर चोटें आई हैं. घटना के बाद वह काफी डरा हुआ है.

    मामले को लेकर स्कूल संचालक ने कहा कि उन्हें घटना की जानकारी मिली है और पूरे मामले की जांच की जा रही है. उन्होंने आश्वासन दिया कि जांच के बाद दोषी पाए जाने वाले छात्रों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी. इधर छात्र के परिजनों ने इलाज के बाद बलियापुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराने की बात कही है. परिजनों का कहना है कि स्कूल परिसर में छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रबंधन की जिम्मेदारी है और इस तरह की घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं. फिलहाल घटना को लेकर इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है.

    रिपोर्ट : नीरज कुमार



    Related News