धनबाद (DHANBAD): जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है. बुधवार को समाहरणालय में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) प्रभात कुमार की अध्यक्षता में मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले के सभी डीएसपी, एसडीपीओ और थाना प्रभारी मौजूद रहे. बैठक का मुख्य उद्देश्य कानून-व्यवस्था को मजबूत करना और लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन को सुनिश्चित करना रहा.
बैठक के दौरान SSP प्रभात कुमार ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द निपटाएं. साथ ही फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने पर जोर दिया गया. उन्होंने कहा कि वारंट के निष्पादन, कुर्की-जप्ती की कार्रवाई और संगठित अपराध के खिलाफ सख्त कदम उठाना जरूरी है, ताकि जिले में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके.
महिला और बच्चों से जुड़े मामलों को लेकर भी SSP ने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए. उन्होंने साफ कहा कि ऐसे संवेदनशील मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. बैठक में यह भी बताया गया कि हाल ही में आईजी शैलेन्द्र कुमार सिन्हा के दौरे के दौरान जो निर्देश दिए गए थे, उनका पूरी सख्ती से पालन किया जाएगा. इसके तहत सभी थानों में विशेष अभियान चलाकर अपराधियों पर नकेल कसने की रणनीति बनाई गई है.
SSP प्रभात कुमार ने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता आम जनता को सुरक्षित माहौल देना है. इसके लिए हर स्तर पर जवाबदेही तय की जा रही है और अधिकारियों को सक्रिय रहकर काम करने के निर्देश दिए गए हैं. उन्होंने दोहराया कि लंबित मामलों का निष्पादन और अपराधियों की गिरफ्तारी ही इस समय सबसे बड़ी प्राथमिकता है. इस समीक्षा बैठक के बाद यह साफ संकेत मिल रहा है कि धनबाद पुलिस अब अपराध के खिलाफ और आक्रामक रुख अपनाने की तैयारी में है, जिससे जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके.
रिपोर्ट : नीरज कुमार

