धनबाद पुलिस ने बढ़ाया जांच का दायरा,सोना बरामदगी के लिए कई एंगल पर कर रही है काम, एक महिला के भी शामिल होने का संदेह


धनबाद(DHANBAD): धनबाद के बैंक मोड़ के मुथूट फाइनेंस में डकैती की घटना को विफल करने और धनबाद के लोगों से लगातार सम्मान पाने से उत्साहित धनबाद पुलिस गुंजन ज्वेल्स डाका कांड के खुलासे के लिए दायरा बढ़ा दिया है. लगातार छापेमारी की जा रही है और चिन्हित लोगों से पूछताछ हो रही है. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मुठभेड़ कांड के बाद फरार शंकर ठाकुर उर्फ रमेश ठाकुर की तलाश में बिहार गई धनबाद पुलिस को एक वीडियो फुटेज मिला है. समस्तीपुर पुलिस ने धनबाद पुलिस को यह उपलब्ध कराया है. समस्तीपुर पुलिस को यह वीडियो फुटेज रमेश ठाकुर के सहयोगी यों से पूछताछ के दौरान प्राप्त हुआ है. रिपोर्ट के अनुसार यह फुटेज गुंजन डकैती कांड के दिन का है और उसी के आसपास इलाके का भी है. इसमें रमेश ठाकुर किसी गुप्त स्थान पर आराम करता दिख रहा है. रमेश ठाकुर के साथ एक महिला भी है. हो सकता है कि यह महिला डकैती कांड में शामिल हो. यह फुटेज मिलने के बाद पुलिस उस स्थान को चिन्हित करने में जुट गई है ,जहां रमेश ठाकुर आराम कर रहा था. यह फुटेज बिहार से लौटने के बाद पुलिस दल ने बड़े अधिकारियों को सौंप दिया है. पुलिस यह मानकर चल रही है कि गुंजन ज्वेल्स में सफलता के बाद यही लोग मुथूट फाइनेंस में डाका डालने पहुंचे थे. इधर धनसार के जिस किशोरी सोनी का घर भाड़ा पर लेकर अपराधी रह रहे थे, उनसे आज पूछताछ हो सकती है. वह धनबाद से बाहर थे और सोमवार को वह लौट सकते हैं. लौटने के बाद पुलिस उनसे पूछताछ कर सकती है. पुलिस उनके आवास पर गई थी लेकिन घर में ताला बंद था. उसके बाद पुलिस ने गोमो से उनके बेटे को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था लेकिन पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया गया. पुलिस यह मान कर चल रही है कि दोनों कांड में अपराधी एक ही थे. गुंजन ज्वेलर्स में तो उन्हें सफलता मिल गई लेकिन मुथूट फाइनेंस में उन्हें मुहकी खानी पड़ी थी.
रिपोर्ट: सत्यभूषण सिंह, धनबाद
4+