गुंजन ज्वेलर्स डाका कांड की कड़ी जोड़ने में जुटी धनबाद पुलिस, जानिए किससे हिरासत में हो रही पूछताछ


धनबाद(DHANBAD): धनबाद के मुथूट फाइनेंस डाका कांड को विफल करने के बाद धनबाद पुलिस ने धनसार के गुंजन ज्वेल्स डाका कांड के खुलासे की दिशा में सक्रियता बढ़ा दी है. सूत्रों के अनुसार धनबाद पुलिस की एक टीम ने गोमो से गोमो चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष राजीव सोनी को हिरासत में लिया है. पुलिस ने शुक्रवार को उन्हें हिरासत में लिया और पूछताछ कर रही है. आपको बता दें कि राजीव सोनी के पिता किशोर सोनी के घर पर गुंजन डाका कांड के आरोपी ठहरे हुए थे. उनका घर धनबाद के में है .पुलिस ने वहां छापामारी कर कुछ सामान बरामद किया था.
किशोर सोनी पर आरोप है कि बिना किसी आईडी प्रूफ के ही अपराधियों को उन्होंने भाड़े पर घर दे दिया था. पुलिस इस मामले में कई बिंदुओं पर जांच कर रही है. पुलिस को संदेह है कि इस कांड में इस परिवार की अप्रत्यक्ष भूमिका हो सकती है. मैथन के बाद डकैत धनबाद में ठहरे थे और लगातार रेकी करने के बाद शनिवार को सरे शाम घटना को अंजाम दिया. अपराधी बिना नंबर की स्कॉर्पियो लेकर आए थे और बहुत दिलेरी से घटना को अंजाम देकर निकल गए. इधर, पुलिस को यह भी पता चला है कि झरिया का कोई कुख्यात अपराधी भी इस कांड में शामिल था. सीसीटीवी फुटेज में वह लगातार डकैतों को कवर करते हुए दिख रहा है.
रिपोर्ट: सत्यभूषण सिंह, धनबाद
4+