Dhanbad Murder Followup: पढ़िए- इंजीनियरिंग छात्र अमरदीप की हत्या का तार बंगाल से कैसे जुड़ गया

    Dhanbad Murder Followup: पढ़िए- इंजीनियरिंग छात्र अमरदीप की हत्या का तार बंगाल से कैसे जुड़ गया

    धनबाद(DHANBAD): धनबाद के इंजीनियरिंग छात्र अमरदीप भगत की हत्या की गुत्थी सुलझाने में पुलिस जोड़-तोड़ से लगी हुई है. हत्या की गुत्थी बंगाल से भी अब जुड़ गई है.   सूत्रों के अनुसार धनबाद थाने की पुलिस ने आसनसोल व आसपास के इलाके से एक युवक को उठाया है.  उस युवक से पुलिस की विशेष टीम लगातार पूछताछ कर रही है. यह भी जानकारी निकल कर आ रही है कि  पुलिस हत्याकांड के खुलासे  के करीब पहुंच गई है. हथियार की खोजबीन में भी जुटी हुई है.  पुलिस ने पहले ही दिन इस मामले में चास  की युवती  और बोकारो  सेक्टर- 8 के युवक को हिरासत में लिया था.  दोनों से अभी भी पूछ ताछ  जारी है.  उन्हीं की निशानदेही  पर आसनसोल में छापेमारी की गई.  

    बैंक मोड में तीन लड़कों ने अमरदीप का मोबाइल छीन लिया था

    हिरासत में लिए गए चास- बोकारो के युवक -युवती  ने बताया था कि बैंक मोड में तीन लड़कों ने अमरदीप का मोबाइल छीन लिया था.  वह अपना मोबाइल लेने के लिए उन लड़कों के पीछे गया था. पुलिस लगातार सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल  रही है.  कई मोबाइल नंबरों को भी टेक्निकल सेल से जोड़कर रखा गया है. कौन-कौन लोग इस हत्याकांड में शामिल है, उनकी  धड़ पकड़ के लिए भी ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही है. पुलिस ने जिन चास  की युवती  और बोकारो सेक्टर 8 रहने वाले युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है,  यह वही लड़की और लड़का है, जो अमरदीप भगत से मिलने  धनबाद आए थे.  अमरदीप की मां ने पुलिस को बताया था कि एक लड़का और एक लड़की उन्हें रास्ते में मिले थे.  दोनों कथित तौर पर अमरदीप के दोस्त थे .  पुलिस दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. 

    मां के बयान के बाद पुलिस बोकारो पहुंची थी 
     
    मां के बयान पर धनबाद पुलिस बोकारो पहुंची.  चास  से पुलिस ने लड़की  को हिरासत में लिया, वहीं बोकारो सेक्टर 8 से युवक को उठाया.  दोनों को पुलिस लेकर धनबाद आई.  लॉ कॉलेज फुटबॉल ग्राउंड के पास झाड़ी में अमरदीप खून से लथपथ  पड़ा था.  उसकी गर्दन में गोली लगी थी.  अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी. अमरदीप इंजीनियरिंग की पढ़ाई के लिए चेन्नई जाने वाला था. पुलिस यह भी  जानने  की कोशिश कर रही है कि अमरदीप किन रास्तों होकर लॉ कॉलेज के पास पहुंचा था.  अमरदीप को गर्दन  में दो गोलियां मारी गई थी.  घटनास्थल के पास से ही उसकी स्कूटी भी पुलिस ने बरामद किया था. अमरदीप की माँ ने  पुलिस को बताया था कि डॉक्टर को दिखाकर जब 20 जून को वह  बोकारो से  लौट रही थी तो रास्ते में एक लड़का और लड़की मिले थे.  घर पहुंच कर अमरदीप यह कहकर निकला कि बोकारो से आए दोस्तों से मिलकर आते हैं और उसके बाद उसकी हत्या हो गई.

    रिपोर्ट -धनबाद ब्यूरो  



    Related News