धनबाद नगर निगम: हो गया जोनल  कमिटियों का चयन,अब जनता के भरोसे पर खरा उतरने की चुनौती

    धनबाद नगर निगम: हो गया जोनल  कमिटियों का चयन,अब जनता के भरोसे पर खरा उतरने की चुनौती

    धनबाद(DHANBAD):  धनबाद के बाबूडीह  स्थित विवाह भवन में शनिवार को  धनबाद नगर निगम की  विस्तृत बैठक का आयोजन किया गया.  इस बैठक में मेयर संजीव सिंह, डिप्टी मेयर अरुण चौहान, नगर आयुक्त आशीष गंगवार तथा टुंडी विधायक सह झारखंड विधानसभा के सचेतक मथुरा प्रसाद महतो सहित नगर निगम के सभी 55 वार्डों के पार्षद एवं निगम के वरीय अधिकारी मौजूद रहे. बैठक का मुख्य उद्देश्य नगर निगम के कार्यों को अधिक संगठित, पारदर्शी और प्रभावी बनाना तथा विकास योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रक्रिया को तेज़ करना तह.  इस दौरान सर्वसम्मति से सभी 55 वार्डों के लिए कुल 11 जोनल कमिटियों का गठन किया गया.  प्रत्येक जोनल कमिटी में संबंधित वार्डों के पार्षदों को शामिल किया गया है, जिससे क्षेत्रवार समस्याओं की पहचान और उनके समाधान की प्रक्रिया को गति मिल सके. 

    जोनल समितियां बन जाने से क्या होंगे फायदे 

    बैठक में पार्षदों ने सामूहिक रूप से जोनल कमिटियों के सदस्यों का चयन किया। अधिकारियों ने बताया कि इन कमिटियों के गठन से स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों की निगरानी, योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान में मदद मिलेगी।  इसके साथ ही प्रत्येक जोनल कमिटी अपने-अपने क्षेत्र में सड़क, जलापूर्ति, साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट और अन्य बुनियादी सुविधाओं की नियमित समीक्षा करेगी। इस अवसर पर मेयर संजीव सिंह ने कहा कि नगर निगम प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में है और विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए योजनाओं को धरातल पर उतारा जाएगा।  उन्होंने जानकारी दी कि आज शाम नगर निगम कार्यालय में नवगठित जोनल कमिटियों के साथ नगर निगम के आगामी बजट पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। 

    30 मार्च को विकास योजनाओं पर होगी बैठक 

    मेयर ने आगे बताया कि 30 मार्च को विकास योजनाओं को लेकर एक विशेष बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें विभिन्न विभागों से प्राप्त प्रस्तावों पर चर्चा कर उन्हें अंतिम रूप दिया जाएगा और योजनाओं को पारित किया जाएगा।  उन्होंने कहा कि नगर निगम का लक्ष्य है कि शहर के सभी वार्डों में समान रूप से विकास कार्य हों और आम जनता को बुनियादी सुविधाओं का लाभ समय पर मिले। वहीं टुंडी विधायक सह झारखंड विधानसभा के सचेतक मथुरा प्रसाद महतो ने कहा कि नए पार्षदों और मेयर के नेतृत्व में जोनल कमिटियों का गठन एक महत्वपूर्ण और सकारात्मक पहल है.  उन्होंने कहा कि अब नगर निगम केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को तेज़ी से लागू कर सकेगा, जिससे आम जनता को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि नगर निगम और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय से शहर के विकास को नई दिशा मिलेगी और लंबित परियोजनाओं को समय पर पूरा किया जा सकेगा। बैठक के दौरान पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों की समस्याओं को भी उठाया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए कि प्राथमिकता के आधार पर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाए. 



    Related News