धनबाद(DHANBAD): जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त सुश्री माधवी मिश्रा ने सोमवार को लोकसभा चुनाव 2024 की अधिसूचना जारी करते हुए बताया कि जिला प्रशासन स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव संपन्न करने के लिए पूरी तरह से तैयार है. जिले में 63 स्टैटिक सर्विलांस टीम, 21 फ्लाइंग स्क्वायड टीम व 21 विडियो सर्विलांस टीम कार्यरत है. 2 एक्सपेंडिचर ऑब्जर्वर भी धनबाद पहुंच चुके है. उन्होंने बताया कि अधिसूचना जारी होते ही उम्मीदवार नामांकन पत्र खरीद कर जमा कर सकेंगे. नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 6 मई 2024 को दोपहर 3 बजे तक है. नामांकन सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक किया जाएगा. 7 मई को सुबह 11 बजे से नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी की जाएगी, वहीं 9 मई 2024 को दोपहर 3 बजे तक नाम वापस लेने की अंतिम तिथि रहेगी.
25 मई को सुबह 7 से संध्या 5 बजे तक होगा मतदान
साथ ही बताया कि धनबाद में 25 मई को सुबह 7 बजे से संध्या 5 बजे तक मतदान निर्धारित है, वहीं 4 जून 2024 को मतगणना तथा 6 जून को चुनाव की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी. जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि धनबाद संसदीय क्षेत्र में बोकारो, चंदनकियारी, सिंदरी, निरसा, धनबाद एवं झरिया को मिलाकर 22 लाख 78 हजार 221 मतदाता है. धनबाद संसदीय क्षेत्र में 1270 भवन में 2539 मतदान केंद्र है. इसमें शहरी क्षेत्र में 1177 और ग्रामीण क्षेत्र में 1362 मतदान केंद्र है. पुरुष मतदाताओं की संख्या 11 लाख 92 हजार 976, महिला 10 लाख 85 हजार 165 व 80 थर्ड जेंडर मतदाता है. उन्होंने बताया कि एसएसआर 24 में 27 अक्टूबर 2023 से 27 अप्रैल 2024 तक 82628 नए मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ा गया है. वहीं 40949 का नाम डिलीट किया गया है. साथ ही बताया कि धनबाद जिले के सिंदरी, निरसा, धनबाद, झरिया, टुंडी एवं बाघमारा विधानसभा में 1313 भवन में 2378 मतदान केंद्र है. इसमें शहरी क्षेत्र में 918 व ग्रामीण क्षेत्र में 1183 मतदान केंद्र है. कुल मतदाताओं की संख्या 2046473 है.
10 लाख 72 हजार 318 पुरुष मतदाता है
इसमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 10 लाख 72 हजार 318, महिला 9 लाख 74 हजार 106 व 49 थर्ड जेंडर वोटर्स है. धनबाद जिले में 172 पर्दानशीन व महिला मतदान कर्मियों द्वारा संचालित 19 बूथ है. जबकि पीडब्ल्यूडी मतदान कर्मियों द्वारा संचालित सिंदरी विधानसभा में एक और युवा मतदान कर्मियों द्वारा संचालित धनबाद विधानसभा में एक बूथ है. वहीं टुंडी एवं बाघमारा में एक-एक यूनिक बूथ बनाए गए है. इस बार लोकसभा चुनाव में धनबाद जिले में 18 से 19 वर्ष के 24192 पुरुष, 29483 महिला तथा 2 थर्ड जेंडर को लेकर 53677 फर्स्ट टाइम वोटर्स है. 15178 तथा 12675 महिलाओं को लेकर 27853 पीडब्ल्यूडी वोटर्स, 3412 पुरुष व 3372 महिलाओं सहित 6784 मतदाता 85 वर्ष अधिक उम्र के है. नामांकन की प्रक्रिया पर प्रकाश डालते हुए जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि नामांकन करने के लिए रिटर्निंग ऑफिसर के कक्ष में उम्मीदवार सहित 5 व्यक्ति ही प्रवेश कर सकेंगे. वहीं कलेक्ट्रेट मेन गेट तक तीन वाहनों को आने की अनुमति रहेगी. वहीं स्वतंत्र उम्मीदवार के लिए अधिकतम 10 प्रस्तावक की अनुमति रहेगी. आदर्श आचार संहिता का पालन करने तथा सुरक्षा के लिए पूरे कलेक्ट्रेट परिसर में सीसीटीवी से निगरानी की जा रही है. दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है.
अवैध शराब के खिलाफ भी कार्रवाई तेज
उन्होंने बताया कि लोकसभा चुनाव की घोषणा होने के साथ ही जिले में अवैध शराब के विरुद्ध कार्रवाई जारी है. उत्पाद विभाग ने अब तक 7 लाख 76 हजार 797 रुपए की 3113 लीटर अवैध शराब जब्त की गई है, जबकि 6 लाख 63 हजार रुपए से अधिक का महुआ जावा जब्त किया गया है. पत्रकार वार्ता के दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक हृदीप पी जनार्दनन ने बताया कि स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव संपन्न करने के लिए 12 इंटर स्टेट चेक पोस्ट तथा जामताड़ा, गिरिडीह व बोकारो जिले की सीमा पर पांच चेक पोस्ट बनाए गए है. अब तक 75 लाख 48 हजार 850 रुपए की अवैध शराब, गांजा सहित अन्य मादक पदार्थ की रिकवरी की गई है, जबकि एक करोड़ 18 लाख से अधिक रुपए का अवैध सामान पकड़ा गया है. एसएसपी ने बताया कि 1241 लाइसेंसी आर्म्स धारकों में 906 ने अपने हथियार जमा कराए है. 251 हथियार को जमा कराने से विमुक्ति प्रदान की गई है. वहीं 27 के आर्म्स लाइसेंस रद्द किए गए है.
10 साल से आपराधिक इतिहास वाले 4886 चिन्हित
उन्होंने बताया कि जिनका 10 साल से आपराधिक इतिहास रहा है, वैसे 4886 लोगों को चिह्नित कर 3192 का सत्यापन किया गया है. 1445 पर प्रीवेंटिव एक्शन लिया गया है. 336 लोगों का नाम गुंडा पंजी में दर्ज किया गया है. 59 लोगों के विरुद्ध सीसीए की अनुशंसा की गई है. 264 लोगों पर सर्विलांस प्रोसिडिंग की गई है. वैसे 3243 लोग, जो चुनाव प्रभावित कर सकते हैं पर 107 की कार्रवाई तथा 805 के विरुद्ध 108, 109, 110 के तहत कार्रवाई हुई है. पत्रकार वार्ता में उपायुक्त सुश्री माधवी मिश्रा, वरीय पुलिस अधीक्षक हृदीप पी जनार्दनन, नगर आयुक्त रवि राज शर्मा, डीडीसी सादात अनवर, निदेशक डीआरडीए राजीव रंजन, डीसीएलआर संतोष गुप्ता, जिला आपूर्ति पदाधिकारी प्रदीप कुमार शुक्ला, उप निर्वाचन पदाधिकारी कालीदास मुंडा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सुनिल कुमार सिंह मौजूद थे.
रिपोर्ट -धनबाद ब्यूरो
Thenewspost - Jharkhand
4+


