धनबाद:लोन सेटलमेंट विवाद में रिकवरी एजेंट की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

    Dhanbad: Loan recovery agent murdered in loan settlement dispute, accused arrested, body recovered । धनबाद:लोन सेटलमेंट विवाद में लोन रिकवरी एजेंट की हत्या, आरोपी गिरफ्तार, शव बरामद

    धनबाद(DHANBAD):लोन रिकवरी एजेंट अमित कुमार अग्रवाल की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है.रविवार को सदर थाना क्षेत्र स्थित सूर्य हाइलैंड सोसाइटी में विकास खंडेलवाल के घर से अमित कुमार अग्रवाल का शव बरामद किया गया है.पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए शहीद निर्मल महतो मेमोरियल मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया.

    कल से ही लापता था लोन रिकवरी एजेंट

    मृतक के परिजनों द्वारा पहले ही अमित अग्रवाल के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी. शिकायत में यह भी बताया गया था कि अमित के मोबाइल फोन पर 15 लाख रुपये की फिरौती की मांग की जा रही है.पुलिस ने टेक्निकल साक्ष्यों के आधार पर मोबाइल लोकेशन ट्रेस कर जांच शुरू की.डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर नौशाद आलम ने बताया कि मोबाइल लोकेशन के आधार पर विकास खंडेलवाल को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई.पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या की बात कबूल की, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर अमित अग्रवाल का शव बरामद किया गया.

    एक करोड़ रुपये के लोन सेटलमेंट को लेकर विवाद

    पुलिस के अनुसार, आरोपी और मृतक के बीच करीब एक करोड़ रुपये के लोन सेटलमेंट को लेकर विवाद चल रहा था. इसी विवाद के कारण अमित अग्रवाल की हत्या की गई. फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है.गौरतलब है कि शनिवार देर शाम अमित अग्रवाल का अपहरण किया गया था और रविवार को उनका शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई है.

    रिपोर्ट-नीरज कुमार



    Related News