धनबाद(DHANBAD): अगर आप पुरुष हैं और यह सोचते हैं कि मेरे गले की चेन को कोई नहीं छीन सकता है, तो इस भ्रम को मन से निकाल दीजिये. महिलाओं के गले से सोने की चेन छीननेवाले गिरोह अब पुरुषों पर भी हाथ साफ कर रहे है. और बहुत ही ठिठाई से कर रहे है. देर से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार की शाम धनबाद शहर के 4 किलो मीटर की रेडियस में चेन छिनतई की तीन घटनाएं हुई. दो महिलाओं के गले से अपराधियों ने चेन झपट लिए तो एक पुरुष को भी निशाना बनाया. जानकारी के अनुसार कुसुम बिहार में शनिवार की शाम महिला के गले से चेन छीन ली गई. बाइक सवार अपराधियों ने यह काम किया. फिर बाइक सवार उचक्कों ने सर्किट हाउस के सामने महिला से सोने की चेन झपट ली. बेकर बंध काली मंदिर रोड की महिला ने धनबाद थाने में शिकायत की है.
बेकारबांध में भी महिला से छिनतई
बताया है कि शनिवार की रात 8 बजे सीएमआरआई से टहलकर वह बेकार बांध लौट रही थी. सर्किट हाउस मुख्य गेट के सामने विपरीत दिशा से एक पल्सर बाइक उनके पास आकर धीमी हुई. बाइक पर दो लड़के सवार थे. पीछे बैठे लड़के ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली और सिटी सेंटर की ओर भाग निकले. उनके पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति ने भी पूरे घटनाक्रम को देखा. उन्होंने बाइक सवारों का पीछा भी किया ,लेकिन वह भागने में सफल रहे. इसी तरह शहर के जयप्रकाश नगर के गणपति अपार्टमेंट में रहने वाले कारोबारी से भी बाइक सवार उचक्कों ने सोने की चेन झपट ली. उन्होंने भी धनबाद थाने में शिकायत की है.
हाउसिंग कॉलोनी में कारोबारी को निशाने पर लिया
पुलिस को बताया है कि शनिवार की शाम वह हाउसिंग कॉलोनी के विंध्यवासिनी मंदिर से पत्नी के साथ वापस जयप्रकाश नगर घर लौट रहे थे. रास्ते में हाउसिंग कॉलोनी के दुर्गा मंडप के समीप पीछे से बाइक सवार दो युवक पहुंचे. जब तक वह कुछ समझ पाते, पीछे बैठे युवक ने सोने की चेन झपट ली और भाग निकले. हाल के दिनों में चेन छिनतई की घटनाएं थम सी गई थी, लेकिन फिर एक ही दिन तीन घटनाओं को अंजाम देकर अपराधियों ने पुलिस को ललकार दी है. अभी चुनाव का वक्त चल रहा है, शहर में चेकिंग कड़ी है. बावजूद अपराधियों की करतूत लोगों को परेशानी में डाल रहा है.
रिपोर्ट -धनबाद ब्यूरो
Thenewspost - Jharkhand
4+


