देवघर: आस्था तक ही सीमित नहीं रहेगा बाबाधाम, अब यहां भी पर्यटकों को मिलेगा एडवेंचर स्पोर्ट्स का मज़ा !


देवघर (DEOGHAR): देवघर में पर्यटकों को लुभाने के लिए एडवेंचर स्पोर्ट्स की शुरुआत होने वाली है. जी हां, अब पर्यटक अन्य शहरों की तरह यहां भी एडवेंचर स्पोर्ट्स का लुफ्त उठा सकेंगे. ये सब कुछ बहुद्देश्यीय पुनासी जलाशय योजना के तहत पूरा होगा. इसके तहत पेयजल और सिंचाई की समस्या का समाधान होगा. साथ ही जसीडीह क्षेत्र स्थित पुनासी डैम अब पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करेगा. जिला उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री की पहल पर बहुत जल्द पुनासी डैम जैसी मनोरम स्थल पर प्रयोग के तौर पर और पर्यटकों को लुभाने के लिए एडवेंचर स्पोर्ट्स की शुरुआत होने वाली है.
क्षेत्र के विकास के साथ बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
देवघर एक प्रसिद्ध तीर्थस्थल है. पवित्र द्वादश ज्योतिर्लिंग होने के कारण यहां सालों भर तीर्थयात्रियों का आना-जाना लगा रहता है. बाबा मंदिर में पूजा अर्चना करने के बाद इनमें से अधिकांश लोग यहां के पर्यटन स्थलों को जरूर देखते पहुंचते हैं. बाबानगरी के पर्यटन स्थलों में त्रिकुट पर्वत,तपोवन,नौलखा मंदिर,नंदन पहाड़ दिघरिया बायो डाइवर्सिटी पार्क इत्यादि के अलावा अब जिला प्रशासन पुनासी डैम को पर्यटन क्षेत्र के रूप में विकसित कर रही है. ऐसा करने से बाबानगरी में पर्यटकों का आवागमन बढ़ेगा, क्षेत्र का विकास भी होगा और स्थानीय लोगों को रोज़गार के अवसर मिलेंगे. यहां प्रयोग के रूप में शुरू होने वाली पुनासी डैम में एडवेंचर स्पोर्ट्स अगर पर्यटकों को लुभाने में कामयाब होता है, तो यह संताल परगना के पर्यटन उद्योग के रूप में सर्वाधिक लोकप्रिय हो सकता है.
रिपोर्ट: रितुराज सिन्हा, देवघर
4+