हरिहरगंज में तीन दिन से लापता मजदूर का शव नाले से बरामद, हुसैनाबाद रेल ट्रैक पर मिला अज्ञात महिला का शव


पलामू(PALAMU): हरिहरगंज शहरी क्षेत्र के बंजारी कब्रिस्तान के नजदीक स्थित नाले से सोमवार को एक शव बरामद हुआ है. शव की पहचान सतगावां पीपल चौक निवासी स्व मुखदेव पासवान के पुत्र धनेश पासवान (35) के रूप में हुई है. वह मजदूरी का काम करता था. प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक तीन दिन से घर से लापता था. सूचना के बाद पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी सुदामा कुमार दास सदल बल पहुंचकर शव को कब्जे मे लेकर अंत्यपरीक्षण के लिए मेदिनीनगर भेज दिया है. इस संबंध में पूछे जाने पर थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही मृतक की मौत के कारणों का पता चल सकेगा. बावजूद पुलिस सभी बिन्दुओं पर जांच-पड़ताल कर रही है. वहीं घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
रेलवे ट्रैक पर मिला महिला का शव, शिनाख्त नही
जपला-गढ़वा रोड रेलखंड के जपला स्टेशन से करीब एक किलोमीटर दूर दातानागर के समीप एक 35 वर्षीय महिला का क्षत विक्षत शव रेल ट्रैक से मिला है. नागरिकों ने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस प्रशासन व जपला आरपीएफ पोस्ट को दी. सूचना मिलते ही हुसैनाबाद थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद भेज दिया है. शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है. पुलिस पहचान कराने का प्रयास कर रही है. महिला ट्रेन की चपेट में कैसे आई यह भी जांच का विषय है.
रिपोर्ट: जफर हुसैन, पलामू
4+