धनबाद में कारोबारी के घर अपराधियों ने फेंके बम, जांच में जुटी पुलिस

    धनबाद में कारोबारी के घर अपराधियों ने फेंके बम, जांच में जुटी पुलिस

    धनबाद(DHNABAD): जिले में अज्ञात अपराधियों ने एक व्यवसायी के घर को निशाना बनाते हुए बम फेंक दिया. घटना सरायढेला थाना क्षेत्र स्थित स्टील गेट इलाके की बताई जा रही है. राहत की बात यह रही कि फेंके गए दोनों बम फटे नहीं, लेकिन सुबह जैसे ही लोगों की नजर उन पर पड़ी, पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत फैल गई.

    स्टील गेट के पास गुरु कृपा परिसर में रहने वाले व्यवसायी रितेश अग्रवाल के घर के बाहर अज्ञात लोगों ने दो बम फेंके. यह वही कैंपस बताया जा रहा है, जहां होंडा शोरूम और कचर रेसिंग सेंटर भी स्थित है. रितेश अग्रवाल अपने परिवार के साथ इसी परिसर में रहते हैं. उनके पिता का नाम सुरेंद्र अग्रवाल बताया गया है.

    घटना का पता सुबह उस समय चला जब स्थानीय लोगों और परिवार के सदस्यों की नजर घर के बाहर पड़े संदिग्ध बमों पर पड़ी. आसपास के लोगों में भय और तनाव का माहौल बन गया. लोगों ने तुरंत इसकी सूचना सरायढेला थाना पुलिस को दी.

    सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी. पुलिस द्वारा बम निरोधक दस्ते को भी सूचना दिए जाने की बात सामने आई है. फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर अपराधियों ने किस मकसद से बम फेंके और इसके पीछे कौन लोग शामिल हो सकते हैं.

    घटना के बाद आसपास के व्यापारियों और स्थानीय निवासियों में डर का माहौल है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके. जांच टीम यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना किसी आपराधिक रंजिश, रंगदारी या डर फैलाने की साजिश का हिस्सा तो नहीं थी.

    वहीं व्यवसायी रितेश अग्रवाल ने बताया कि उनकी किसी से कोई व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं है. उन्होंने कहा कि उन्हें पहले कभी किसी प्रकार की धमकी या फिरौती का कॉल भी नहीं मिला था. ऐसे में इस घटना के पीछे की वजह फिलहाल उनके लिए भी रहस्य बनी हुई है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है.



    Related News