नववर्ष पर हुड़दंग करना पड़ेगा भारी, हाजत से होगी नए साल की शुरुआत: एसएसपी प्रभात कुमार

    नववर्ष पर हुड़दंग करना पड़ेगा भारी, हाजत से होगी नए साल की शुरुआत: एसएसपी प्रभात कुमार

    धनबाद (DHANBAD): नववर्ष को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड में है. इसी क्रम में मंगलवार को धनबाद के वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने धनबाद थाना परिसर के पीछे चल रहे निर्माण कार्य का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने सिविल कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और निर्माणाधीन कंट्रोल रूम का भी जायजा लिया.

    निरीक्षण के बाद एसएसपी प्रभात कुमार ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नववर्ष के मौके पर जश्न मनाने के दौरान किसी भी तरह की अराजकता या दूसरों की शांति भंग करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने कहा कि ऐसा कोई काम न करें, जिससे नए साल की शुरुआत थाना की हाजत से हो. कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

    एसएसपी ने पिकनिक स्थलों पर जाने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी. उन्होंने बताया कि नए साल के दौरान जिले के सभी प्रमुख पिकनिक स्पॉट्स पर मजिस्ट्रेट और विशेष पुलिस बल की तैनाती की जाएगी. इसके साथ ही डैम और झील वाले इलाकों में गोताखोरों की भी व्यवस्था की जा रही है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके.

    उन्होंने आम लोगों से अपील की कि नववर्ष का उत्सव शांति, संयम और सावधानी के साथ मनाएं. प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं, लेकिन इसमें नागरिकों का सहयोग भी जरूरी है.

    रिपोर्ट : नीरज कुमार


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news