देवघर में दंपत्ति पर चाकू से हमला, व्यक्ति की मौत


देवघर(DEOGHAR): देवघर में एक दंपत्ति पर कातिलाना हमला हुआ है. चाकू मारमार कर बशीर की हत्या कर दी गयी जबकि इसकी बेगम नूर सबा गंभीर हालत में सदर अस्पताल में इलाजरत है. घटना बीती रात सारठ थाना क्षेत्र के फ़क़ीर टोला की है. बताया जा रहा है कि बशीर मस्जिद से नमाज अदा कर देर रात वह अपने घर जा रहा था. तभी उसके घर पहुंचने का इंतजार कर रहे 8 लोगों द्वारा इस घटना को अंजाम दिया गया है. जैसे ही बशीर घर के समीप पहुंचा उसके ऊपर पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने धावा बोल दिया और लगे सभी चाकू से वार करने. इस बीच उसकी बेगम नूर सबा पहुंची तो उसपर भी हमलावरों ने चाकू से प्रहार करना शुरू कर दिया. इस बीच नूर सबा द्वारा हल्ला मचाने पर आसपास के लोग इकट्ठा होने लगे तो हमलावर वहाँ से फरार हो गए. स्थानीय लोगों द्वारा आनन फानन में दोनों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सक ने बशीर को मृत घोषित कर दिया.
पुलिस हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए कर रही छापेमारी
वहीं पुलिस को जब सूचना मिली तो थाना प्रभारी दलबल के साथ घटना स्थल पहुंच मामले की छानबीन शुरू कर दी. इधर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतक की पत्नी को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती करा दिया है. मृतक की पत्नी ने पुलिस के समक्ष 8 में से 5 हमलावरों की पहचान बता दी है. बाकी हमलावर का मुँह ढका होने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी है. फिलहाल पुलिस मृतक की पत्नी का बयान दर्ज कर हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. आपसी रंजिश है या साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की संभावना को देखते हुए गांव में पुलिस लगातार कैम्प कर रही है.
रिपोर्ट: रितुराज सिन्हा, देवघर
4+