कोल इंडिया लिमिटेड: खुद के प्रमोशन के लिए अब सुझाव देंगे कोयला अधिकारी 

    कोल इंडिया लिमिटेड: खुद के प्रमोशन के लिए अब सुझाव देंगे कोयला अधिकारी

    धनबाद(DHANBAD): कोल इंडिया लिमिटेड में कंपनी प्रमोशन नीति के लिए ऑनलाइन ओपिनियन सर्वे करा रही है.  इसके लिए ऑनलाइन ही फॉर्मेट जारी किया गया है. कोयला अधिकारियों के प्रोन्नति में विवाद को खत्म करने के लिए कोल इंडिया ने एक नई पहल शुरू की है. जानकारी के अनुसार सर्वे में दी गई  राय के मुताबिक बैठक के बाद कोल इंडिया अपने अधिकारियों के प्रमोशन नीति पर फैसला करेगी.  

    सूत्र बताते हैं कि अभी फिलहाल माइनिंग कैडर के अधिकारियों के लिए ओपिनियन सर्वे किया जा रहा है.  माइनिंग कैडर में ही ज्यादा विवाद बताए जा रहे हैं. आवेदन में कई कॉलम बनाए गए हैं, जिन्हें भरकर जमा करना है. ईमेल आईडी, नाम ,एम्पलाई नंबर, व्हाट्सएप नंबर, फर्स्ट क्लास और सेकंड क्लास सर्टिफिकेट की तिथि, फर्स्ट क्लास के बाद करियर ग्रोथ सहित कई बिंदुओं पर जानकारी देनी है.  

     पिछले 8 साल से नहीं हुआ प्रमोशन 

    आपको बता दें कि माइनिंग कैडर के अफसरों का पिछले 8 साल से प्रमोशन नहीं हुआ है.  प्रमोशन विवाद को खत्म करने के लिए पहले कई कमेटियों का गठन हुआ था. लेकिन निपटारा नहीं किया जा सका. बता दें कि कोल इंडिया में 50% से अधिक अधिकारी माइनिंग कैडर के होते हैं. एक आंकड़े के मुताबिक समूचे कोल इंडिया में सभी संबर्ग के अधिकारियों की संख्या 20 से 25 हज़ार बताई जाती है. यानी हम कह सकते हैं कि अधिकारियों की सलाह  के अनुसार ही अब प्रमोशन नीति बनेगी.  प्रबंधन का मानना है कि इससे विवाद को खत्म किया जा सकता है या न्यूनतम किया जा सकता है. 



    Related News