ED छापे से जुड़ी खबरों में मुख्यमंत्री का नाम घसीटे जाने से CMO सख्त, कानूनी कार्रवाई की दी चेतावनी


रांची (RANCHI): कई दिनों से ईडी के छापे राज्य में कई जगहों पर चल रहे हैं. इस मामले में आईएएस पूजा सिंघल और पंकज मिश्रा समेत कई लोगों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है. चूंकि पंकज मिश्रा झामुमो के नेता और बरहेट से हेमंत सोरेन के विधायक प्रतिनिधि रहे हैं. इसलिए मीडिया में परोक्ष-अपरोक्ष उनका नाम जाता है. लेकिन अब मुख्यमंत्री सचिवालय इसको लेकर सख्त हो गया है. आज शाम सीएमओ से जारी प्रेस बयान में कहा गया है कि राज्य में चल रही ईडी की छापेमारी के संदर्भ में कुछ मीडिया संस्थान झारखण्ड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का नाम आरोपी के साथ जोड़ रहे हैं. मुख्यमंत्री कार्यालय इस पर कड़ी आपत्ति दर्ज करता है. गलत सूचना प्रसारित करने पर उचित कानूनी प्रावधानों के अनुरूप सरकार कार्रवाई करेेगी.
सीएमओ से जारी हुआ बयान
सीएमओ से जारी बयान में कहा गया है कि कुछ मीडिया के समाचार स्पष्ट रूप से इंगित करते हैं कि जानबूझकर मुख्यमंत्री झारखण्ड को किसी व्यक्ति से जोड़ने का प्रयास हो रहा है. यह किसी भी राज्य सरकार के मुख्यमंत्री के सार्वजनिक पद की गरिमा का पूर्ण उल्लंघन है. राज्य सरकार ने केंद्रीय एजेंसियों द्वारा की गई सभी जांचों और कार्रवाईयों में अब तक हर संभव सहयोग किया है. मुख्यमंत्री कार्यालय सार्वजनिक महत्व के रोजमर्रा के मामलों पर रिपोर्ट करने के लिए प्रेस की स्वतंत्रता का पूरी तरह से समर्थन करता है. लेकिन लोकतांत्रिक रूप से चुने गए राज्य के मुख्यमंत्री को बदनाम करने की खतरनाक प्रवृत्ति मीडिया के एक वर्ग के स्पष्ट इरादों को बताती है. यह दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है. यदि झारखण्ड सरकार को दुर्भावनापूर्ण रिपोर्ट और ट्वीट/डिजिटल पोस्ट डालने के और मामले का पता चलता है, तो उचित कानूनी प्रावधानों के अनुरूप कदम उठाए जायेंगे.
4+