निकाय चुनाव : ऐसे होगी मतगणना,ट्रैफिक रूट में भी किया गया है बदलाव

    निकाय चुनाव : ऐसे होगी मतगणना,ट्रैफिक रूट में भी किया गया है बदलाव

    धनबाद(DHANBAD) | नगर निकाय चुनाव की मतगणना शुक्रवार, 27 फरवरी  को राजकीय पॉलिटेक्निक में सुबह 8:00 बजे से शुरू होगी।  मतगणना को लेकर सभी प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.  मतगणना स्थल पर सुरक्षा की चाक चौबंद व्यवस्था की गई है. धनबाद नगर निगम के महापौर व 55 वार्ड पार्षद के मतों की गिनती के लिए 11 काउंटिंग हॉल में 117 टेबल पर एवं चिरकुंडा नगर परिषद के अध्यक्ष और 21 वार्ड पार्षद के मतों की गिनती 4 काउंटिंग हॉल में 24 टेबल पर की जाएगी।  सबसे पहले धनबाद नगर निगम के वार्ड 1, 6, 11, 16, 21, 26, 31, 36, 41, 46 और वार्ड 51 के मतों की गिनती प्रारंभ होगी, तत्पश्चात क्रमवार वार्ड की गणना की जाएगी।  

    धनबाद नगर निगम के वार्ड संख्या 1 से 5 के लिए 11 टेबल, 6 से 10 के 11, 11 से 15 के 9, 16 से 20 के 10, 21 से 25 के 12, 26 से 30 के 12, 31 से 35 के 10 टेबल, 36 से 40 के 10, 41 से 45 के 10, 46 से 50 के 10 एवं वार्ड 51 से 55 के लिए 12 टेबल पर मतों की गिनती होगी।  वार्ड पार्षद और महापौर की गिनती एक साथ होगी, जबकि चिरकुंडा नगर परिषद के वार्ड 1 से 5, 6 से 10, 11 से 15 एवं 16 से 21 की गिनती 6 - 6 टेबल पर की जाएगी।  यहां भी वार्ड पार्षद और अध्यक्ष की गिनती एक साथ होगी।  हर टेबल पर काउंटिंग सुपरवाइजर तथा दो असिस्टेंट रहेंगे।  

    वहीं मतगणना को लेकर सुगम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने रूट डायवर्जन लागू किया गया है.  पुलिस द्वारा जारी निर्देश के अनुसार विनोद बिहारी महतो चौक से बेकारबांध तक जाने वाले मार्ग पर किसी भी प्रकार के सामान्य यात्री वाहन या निजी वाहन का आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।  यह निर्णय मतगणना स्थल के आसपास भीड़ और जाम की स्थिति से बचने के उद्देश्य से लिया गया है. उक्त मार्ग पर केवल मतगणना कार्य में तैनात पदाधिकारी व कर्मी तथा उम्मीदवार व उनके अधिकृत एजेंट को आने की अनुमति रहेगी।  सभी अधिकृत वाहन पॉलिटेकनिक मैदान में ही पार्क किए जाएंगे।  सड़क पर वाहन खड़ा करने की अनुमति नहीं होगी।  नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है. 

    बेकारबाँध से राजकीय पॉलिटेक्निक के बीच जिन लोगों का आवास या प्रतिष्ठान है, उन्हें विशेष परिस्थिति में बेकारबाँध की ओर से प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।  वहीं, विनोद बिहारी महतो चौक से राजकीय पॉलिटेक्निक के बीच रहने वाले लोगों को बिनोद बिहारी चौक की ओर से प्रवेश दिया जाएगा। 
    यह विशेष यातायात व्यवस्था 27 फरवरी को सुबह 05:00 बजे से रात 08:00 बजे तक प्रभावी रहेगी।  


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news