पाकुड़ (PAKUR): झारखंड के पाकुड़ जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के तारानगर पंचायत स्थित लखी नारायणपुर गांव में शुक्रवार देर रात एक सियार ने घर में घुसकर दो मासूम बच्चों पर हमला कर दिया. इस घटना में दो महीने के नवजात की मौत हो गई, जबकि तीन वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई है. घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है.
मिली जानकारी के अनुसार, रामचंद्रपुर निवासी मुसफेरा बीबी अपने बच्चों के साथ मायके लखी नारायणपुर आई हुई थी. रात में पूरा परिवार घर में सो रहा था. इसी दौरान एक सियार घर में घुस आया और सो रहे बच्चों पर हमला कर दिया. हमले में दो महीने के नवजात को गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. वहीं तीन वर्षीय बच्ची यासमीन खातून भी सियार के हमले में घायल हो गई.
बताया जा रहा है कि बच्चों के रोने और चीखने की आवाज सुनकर परिजन जाग गए. जब परिवार के लोगों ने शोर मचाया तो सियार वहां से भाग निकला. घटना के बाद घायल बच्ची को इलाज के लिए सोनाजोड़ी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है. इस दर्दनाक घटना के बाद गांव के लोग सहमे हुए हैं. ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में जंगली जानवरों की आवाजाही बढ़ गई है, जिससे लोगों में डर का माहौल बना हुआ है. मुफस्सिल थाना प्रभारी गौरव कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी पुलिस को मिल चुकी है. पुलिस मामले की जांच कर रही है, वहीं वन विभाग को भी सूचना दे दी गई है. प्रशासन की ओर से लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

