नवप्रोन्नत अफसरों से मिले CM हेमन्त, बोले- जनता तक हर योजना पहुंचाना सबसे बड़ी जिम्मेदारी

    नवप्रोन्नत अफसरों से मिले CM हेमन्त, बोले- जनता तक हर योजना पहुंचाना सबसे बड़ी जिम्मेदारी

    रांची (RANCHI): झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय, कांके रोड रांची में झारखंड प्रशासनिक सेवा के संयुक्त सचिव पद पर पदोन्नत अधिकारियों से मुलाकात की. इस दौरान नवप्रोन्नत अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए नई जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाने का भरोसा दिलाया.

    मुख्यमंत्री ने सभी अधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रशासनिक सेवा केवल पद और अधिकार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जनता की अपेक्षाओं और विश्वास से जुड़ी जिम्मेदारी भी है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा संचालित जनहितकारी योजनाओं, सुशासन और विकास कार्यों को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में प्रशासनिक अधिकारियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है.

    मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने अधिकारियों से अपेक्षा जताई कि वे अपने-अपने कार्यक्षेत्र में संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ काम करेंगे तथा सरकार की योजनाओं को अधिक प्रभावी ढंग से आम लोगों तक पहुंचाएंगे. उन्होंने कहा कि राज्य के विकास में प्रशासनिक तंत्र की सक्रिय भागीदारी सबसे अहम कड़ी है और अधिकारी जनता तथा सरकार के बीच मजबूत सेतु का कार्य करते हैं. इस अवसर पर राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार भी मौजूद रहे. बैठक का माहौल काफी सकारात्मक और प्रेरणादायक रहा, जहां अधिकारियों ने मुख्यमंत्री से मार्गदर्शन प्राप्त किया.

    मुख्यमंत्री से शिष्टाचार मुलाकात करने वाले नवप्रोन्नत अधिकारियों में प्रवीण प्रकाश, विद्या भूषण कुमार, सचिंद्र बड़ाईक, प्रेम तिवारी, सत्यवीर रजक, सुमन पाठक, अमित बेसरा, महेंद्र कुमार, मोनी कुमारी, मोनिका रानी टूटी, रंजीत लोहरा, विजय विरुआ, मनीषा तिर्की, एनी सरोजिनी तिर्की और गीतांजलि शामिल रहीं. राज्य सरकार की ओर से यह संकेत भी दिया गया कि प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और जनसरोकारों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि विकास योजनाओं का लाभ समाज के हर वर्ग तक प्रभावी तरीके से पहुंच सके.



    Related News