रंजित सिंह हत्याकांड के फरार आरोपी छब्बो ने एसएसपी के सामने किया सरेंडर, 3 अक्टूबर को हुई थी हत्या


जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर के टेल्को थाना के सबुज कल्याण संघ के बाहर जेल से बाहर आए अपराधी रंजित सिंह उर्फ रंजीत सरदार की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इसी मामले में पुलिस ने राहुल गुप्ता उर्फ शोले, अनिल और ऋषि कुमार को गिरफ्तार किया था. इधर, मंगलवार को आरोपी छब्बो ने एसएसपी के समक्ष सरेंडर कर दिया. पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही थी. दबाव में आकर उसने सरेंडर कर दिया.
पूछताछ में उगले कई राज़
सरेंडर करने के बाद पुलिस ने उसे पूछताछ की. पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार करते हुए पुलिस को बताया की जब वह जेल में था तो रंजित सिंह उसे लगातार तंग करता था और उसकी दाढ़ी खींच दी थी. इस बेइज्जती का बदला लेने के लिए उसने हत्या कर दी. छब्बो की निशानदेही में पुलिस ने देसी पिस्टल दो मोबाइल और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की है. इधर पुलिस आरोपी राजा सिंह की तलाश के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.
क्या है मामला
जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र के सबुज संघ दुर्गा पूजा पंडाल के पास रंजीत सिंह अपनी बेटी तरनजीत कौर के साथ मेला घूमने निकले थे. इस दौरान तीन से चार की संख्या में अपराधियों ने उनपर ताबड़तोड़ फायरिंग कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया. जिसके बाद 6 ऑक्टोबर को पुलिस ने इस हत्या में शामिल दो अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया था. साथ ही हत्या में प्रयुक्त पिस्टल को भी बरामद किया गया था.
रिपोर्ट: रंजीत ओझा, जमशेदपुर
4+