चतरा : पुरानी रंजिश में दोस्तों ने ही दोस्त की ले ली जान, एसआईटी ने 48 घंटे में चार हत्यारों को दबोचा

    चतरा : पुरानी रंजिश में दोस्तों ने ही दोस्त की ले ली जान, एसआईटी ने 48 घंटे में चार हत्यारों को दबोचा

    चतरा (CHATRA) : चतरा पुलिस ने आखिरकार शहर के तपेज ईलाके में हुए चर्चित प्रकाश यादव ब्लाईंड मर्डर केस का खुलासा कर लिया है. घटना के बाद एसपी राकेश रंजन द्वारा एसडीपीओ अविनाश कुमार के नेतृत्व में गठित एसआईटी ने प्रोफेशनल तरीके से काम करते हुए 48 घंटे में हत्याकांड का खुलासा करते हुए घटना में शामिल चार हत्यारों को धर दबोचा.

    एसडीपीओ ने दी जानकारी

    मामलो की जानकारी देते हुए एसडीपीओ अविनाश कुमार ने बताया कि पुरानी रंजिश में दोस्तों ने ही पीट-पीटकर प्रकाश को मौत के घाट उतारा था. उन्होंने बताया कि घटना में शामिल दिभा मोहल्ला निवासी चार अभियुक्तों सिंटू कुमार यादव, संजय कुमार यादव, प्रवीण यादव और विक्की कुमार को एसआईटी ने गिरफ्तार किया. गिरफ्तार सभी हत्यारे मृतक के ही मोहल्ले के रहने वाले हैं और आपस मे गोतिया (रिस्तेदार) है. सभी की गिरफ्तारी शहर के दिभा मोहल्ला समेत अन्य इलाके से हुई है.

    14 फरवरी को हुई थी हत्या

    बता दें कि विगत 14 फरवरी को शहर से सटे हेरूवा नदी बसंती टोला तपेज ईलाके में प्रकाश कुमार यादव नामक युवक की पीट-पीटकर हत्या हुई थी. जिसके बाद मामले की जांच कर रही एसआईटी ने शक के आधार पर टेक्निकल टीम के सहयोग से एक दर्जन आरोपियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था. पूछताछ के दौरान ही चार आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की. वहीं अन्य फरार आरोपियों के धर पकड़ को ले अभियान तेज कर दिया गया है. हत्यारों के मुताबिक पुरानी दुश्मनी को लेकर ही पहले प्रकाश के साथ मारपीट की गई. उसके बाद उसके छाती को पैर से कुचल कर उसे मौत के घाट उतार दिया गया. युवक की हत्या के बाद हत्यारों ने उसके शव को नदी के किनारे फेंक दिया था. एसआईटी में प्रशिक्षु डीएसपी धनंजय राम, थाना प्रभारी मनोहर करमाली, पुलिस अवर निरीक्षक प्रकाश सेठ, कौशल कुमार सिंह और बिना कुमारी समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.

    रिपोर्ट : संतोष कुमार सिंह, चतरा



    Related News