चाईबासा (CHAIBASA): पश्चिमी सिंहभूम जिले में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों पर हमले के मामले में एक प्राथमिकी दर्ज की गई है. यह प्राथमिकी कराईकेला थाना में 17 नक्सलियों के खिलाफ दर्ज की गई है. 7 नामजद और 10 अज्ञात नक्सलियों को आरोपी बनाया है. नामजद आरोपियों में प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) संगठन के एक करोड़ रुपये के इनामी शीर्ष नेता असीम मंडल उर्फ आकाश भी शामिल है. उसके अलावा मंगल सिंह सरदार, सलूका कायम, पिंकी, कोलेबुनी, सीता और बुड़ुई बोदरा शामिल हैं. पुलिस ने इन सभी पर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, सुरक्षा बलों पर हमला करने तथा अवैध हथियार रखने समेत विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है.
दर्ज केस के अनुसार 19 मई को कराईकेला और सोनुवा थाना क्षेत्र के सीमावर्ती जंगलों में संयुक्त सुरक्षा बलों द्वारा सर्च अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान दुगुड़ा गांव के पहाड़ी क्षेत्र में छिपे नक्सलियों ने अचानक पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. सुरक्षा बलों ने पहले नक्सलियों को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन गोलीबारी जारी रहने पर जवाबी कार्रवाई की गई. दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक रुक-रुक कर मुठभेड़ चलती रही. मुठभेड़ के बाद नक्सली घने जंगल और पहाड़ी इलाकों का फायदा उठाकर फरार हो गए. घटना के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया. तलाशी के दौरान घटनास्थल से दैनिक उपयोग की सामग्री और नक्सल गतिविधियों से जुड़े कुछ सामान बरामद किए जाने की जानकारी दी गई है. प्राथमिकी में उल्लेख किया गया है कि मुठभेड़ के दौरान सुरक्षा बलों ने कई राउंड फायरिंग की, जबकि नक्सलियों की ओर से अत्याधुनिक हथियारों से 50 से अधिक राउंड गोलियां चलाई गईं. घटना के बाद पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों ने क्षेत्र में अभियान और तेज कर दिया है. अधिकारियों का कहना है कि नक्सलियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा कायम रखने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे.

