गढ़वा (GARHWA): जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां भीषण गर्मी के बीच खड़ी एक कार में अचानक आग लग गई. राहत की बात यह रही कि चालक ने समय रहते सूझबूझ दिखाते हुए गाड़ी से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली, वरना बड़ा हादसा हो सकता था.
मिली जानकारी के अनुसार, गढ़वा शहर के दानारो नदी बाईपास के पास एक इको कार खड़ी थी. उस समय चालक वाहन के अंदर मौजूद था और कार में बाजार से लाया गया सामान रखा हुआ था. अचानक उसे गाड़ी के अंदर से जलने की तेज गंध महसूस हुई. खतरे को भांपते हुए चालक ने बिना देर किए तुरंत वाहन से बाहर छलांग लगा दी.
चालक के बाहर निकलते ही कुछ ही पलों में कार से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया. आग इतनी तेजी से फैली कि पूरी गाड़ी चंद मिनटों में लपटों में घिर गई और पूरी तरह जलकर खाक हो गई. घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए.
सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए भीड़ को सुरक्षित दूरी पर हटाया. इसके बाद दमकल विभाग को सूचना दी गई. दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह नष्ट हो चुकी थी. प्रारंभिक तौर पर आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है. आशंका जताई जा रही है कि भीषण गर्मी या तकनीकी खराबी के चलते यह हादसा हुआ हो सकता है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
रिपोर्ट: धर्मेन्द्र कुमार

