गुमला(GUMLA): गुमला के युवक-युवती इन दिनों लगातार नेशनल लेवल पर अपनी पहचान स्थापित कर गुमला का नाम रोशन कर रहे हैं. पिछले दिनों अष्टम उरांव ने फीफा वर्ड कप अंडर 17 में स्थान पाने के साथ ही इंडिया टीम को लीड करने का गौरव पाया, वहीं अब जिले में मौजूद एनसीसी 46 बटालियन के कैडेट ने ऑल इंडिया लेवल पर आयोजित शूटिंग प्रतियोगिता में कई गोल्ड मेडल जीतकर एक इतिहास रचने का काम किया है. दिल्ली सहित कई स्थानों पर आयोजित ऑल इंडिया थल सेना शूटिंग कैम्प में शामिल होकर कई गोल्ड मेडल जीतकर आए कैडेट को आज भव्य रूप से कार्यक्रम कर सम्मानित किया गया. कर्नल सुदीप सिन्हा सहित कई एनसीसी के पदाधिकारियों के साथ डीसी सुशांत गौरव ने मिलकर इन्हें सम्मानित किया. कर्नल ने इसे एक ऐतिहासिक बात बताया. उन्होंने कहा कि पहली बार ऐसा हुआ है कि किसी बटालियन को एक बार छह गोल्ड मिले हैं.
“इन प्रतिभाओं को सम्मानित करने की है आवश्यकता”
वहीं डीसी सुशांत गौरव ने कहा कि यह काफी गर्व की बात है कि कल तक जिस गुमला की पहचान नकारात्मक चीजों के लिए हुआ करती थी, आज वह पूरे देश मे अपनी प्रतिभा का डंका बजाकर देश-स्तर पर अपनी पहचान बना रहा है. उन्होंने कहा कि इन प्रतिभाओं को जिला में कई स्थानों पर सम्मानित करने की आवश्यकता है.
इस सम्मान समारोह कार्यक्रम में जब छह गोल्ड मैडल पाने वाले कैडेट मौजूद थे तो उनके स्वागत के लिए रंगारंग कार्यक्रम ना हो ऐसा नही हो सकता था. इनके सम्मान में कार्यक्रम भी हुआ. वहीं जिन्हें गोल्ड मेडल प्राप्त हुआ, उन्होंने भी खुशी व्यक्त करते हुए आगे और बेहतर प्रदर्शन करने की बात कही.
रिपोर्ट: गुमला ब्यूरो
Thenewspost - Jharkhand
4+

