लातेहार(LATHER): जिले में पुलिस को नक्सल विरोधी अभियान के तहत बड़ी सफलता मिली है. पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव के नेतृत्व में सुरक्षा बलों ने प्रतिबंधित नक्सली संगठन जेजेएमपी को बड़ा झटका देते हुए इसके कथित अंतिम कमांडर समेत दो नक्सलियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस का दावा है कि इन गिरफ्तारियों के बाद जेजेएमपी संगठन लातेहार में पूरी तरह समाप्त हो गया है.
गिरफ्तार नक्सलियों की पहचान शिवनारायण सिंह उर्फ शिवा, जो संगठन का अंतिम इनामी नक्सली और सब-जोनल कमांडर बताया जाता है, तथा शुकुलदेव उरांव के रूप में हुई है. दोनों आरोपी लातेहार थाना क्षेत्र के ही रहने वाले हैं. इन्हें लातेहार थाना क्षेत्र के धनकरा मोड़ के पास से एक गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए अभियान में पकड़ा गया.
एसपी कुमार गौरव ने प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि इनामी नक्सली शिव सिंह अपने साथी के साथ क्षेत्र में घूम रहा है. इसके बाद थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिन्हा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई और दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया.
एसपी ने यह भी बताया कि शिव सिंह के खिलाफ लातेहार, चतरा और रांची जिलों के विभिन्न थानों में 24 से अधिक नक्सली हिंसा के मामले दर्ज हैं. कुछ दिन पहले ही पुलिस ने उसके द्वारा छुपाया गया एके-47 जैसे अत्याधुनिक हथियार और बड़ी मात्रा में गोलियां भी बरामद की थीं.
हथियार बरामद होने के बाद से ही आरोपी अपने क्षेत्र में छिपकर घूम रहा था. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जो भी बचे हुए नक्सली हैं, उनके पास या तो आत्मसमर्पण करने का विकल्प है या फिर सख्त कार्रवाई का सामना करने के लिए तैयार रहें. इस पूरे अभियान में थाना प्रभारी प्रमोद कुमार, एसआई विक्रांत कुमार उपाध्याय, कामता कुमार, संतोष कुमार सहित कई पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही.

